त्रिपुरा के युवक का मजाक उड़ाने के मामले में बड़ा एक्शन, दिल्ली से गिरफ्तार हुआ कंटेंट क्रिएटर
त्रिपुरा के युवक लैसोंजित रेआंग से कथित नस्लीय दुर्व्यवहार के मामले में दिल्ली पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को करोलबाग से गिरफ्तार किया।
त्रिपुरा के युवक लैसोंजित रेआंग से कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमानजनक वीडियो बनाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
करोलबाग में रिश्तेदार के घर से गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आमिर शौकीन लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। दिन में उसकी लोकेशन शाहदरा इलाके में मिली थी, लेकिन बाद में वह वहां से दूसरी जगह चला गया।
इसके बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से उसे करोलबाग इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिपा हुआ था।
नौकरी के इंटरव्यू के बाद हुई थी घटना
मामला तब सुर्खियों में आया, जब लैसोंजित रेआंग का मजाक उड़ाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। युवक ने बताया था कि उसे वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की जानकारी नहीं थी। घटना पिछले महीने की बताई गई है, जबकि उसे इसके बारे में वीडियो वायरल होने के बाद पता चला।
लैसोंजित अहमदाबाद में नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी सिलसिले में वह एक रेस्टोरेंट में इंटरव्यू देने गया था। इंटरव्यू के बाद लौटते समय कुछ लोगों ने उससे बातचीत शुरू की थी। उनमें कथित तौर पर एक कंटेंट क्रिएटर भी शामिल था।
किरण रिजिजू ने जताई थी नाराजगी
वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने घटना पर नाराजगी जताई थी और कार्रवाई की मांग की थी। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी विरोध हुआ।
आमिर शौकीन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस मामले ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के नाम पर किसी व्यक्ति का अपमान करने और नस्लीय भेदभाव के आरोपों को लेकर फिर बहस छेड़ दी है।
saloni 