Bigg Boss 20: स्काउटओपी और लवप्रीत गिल की नजदीकियों पर मचा बवाल, गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी ने लगाई क्लास
Bigg Boss 20 में स्काउट और लव गिल की बॉन्डिंग पर विवाद बढ़ा। गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी ने सवाल उठाए, वहीं रोहित शेट्टी ने दोनों को फटकार लगाई.
'बिग बॉस' (Bigg Boss 20) का घर हमेशा से ही अपने विवादों, ड्रामे और रिश्तों के उतार-चढ़ाव के लिए जाना जाता है. इन दिनों शो का 20वां सीजन काफी चर्चा में बना हुआ है, और इसकी सबसे बड़ी वजह बने हैं मशहूर गेमर स्काउटओपी (तन्मय सिंह) और लवप्रीत कौर गिल (लव गिल)। शो में दोनों के बीच की बढ़ती नजदीकियां और बॉन्डिंग इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर टीवी के गलियारों तक सुर्खियों में छाए हुए हैं. हालांकि दोनों एक-दूसरे को 'भाई-बहन' का दर्जा देते हैं, लेकिन घर के अंदर उनकी हरकतें कुछ और ही दास्तां बयां करती हैं. इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा जब वीकेंड का वार में सलमान खान की जगह जाने-माने फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने शो की कमान संभाली और दोनों के रिश्तों पर तीखे सवाल उठाए.
रोहित शेट्टी ने लगाई क्लास
वीकेंड का वार एपिसोड में होस्ट की कुर्सी पर बैठे रोहित शेट्टी ने स्काउटओपी और लव गिल की क्लास लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी. रोहित ने लवप्रीत गिल से सीधा सवाल किया कि उनके लिए स्काउट क्या हैं? इस पर लव ने उन्हें अपना 'भाई' बताया. इसके बाद रोहित शेट्टी ने घर के अंदर के एक फुटेज का जिक्र करते हुए कहा, 'जब वो आपके पैर दबा रहा है, हाथ दबा रहा है, गर्दन दबा रहा है... लव, यह बिल्कुल भी ठीक नहीं लग रहा है. आप स्काउट को पीछे से हाथ-पैर दबाने को कहती हैं और वो आपकी पिंडलियां दबा रहा है. कैमरे पर यह सब बहुत अजीब और असहज लगता है.' रोहित की इन बातों ने घर के अंदर और बाहर दोनों जगह हलचल मचा दी है.
गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी की धमाकेदार एंट्री
मामला तब और गंभीर हो गया जब स्काउटओपी की गर्लफ्रेंड और खुद जानी-मानी गेमर व इंटरनेट सेंसेशन काश्वी हीरानंदानी ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी. आज रात (25 अक्टूबर) प्रसारित होने वाले एपिसोड में काश्वी इस पूरे विवाद पर बात करने सीधे बिग बॉस के स्टेज पर नजर आने वाली हैं. सामने आए प्रोमो के मुताबिक, काश्वी ने शो में आते ही स्काउट और लव दोनों को आड़े हाथों लिया. काश्वी ने तन्मय (स्काउट) से सीधे शब्दों में पूछा, 'मसाज पार्लर कैसे जा रहा है, तन्मय?.'
View this post on Instagram
इन हरकतों से मुझे घिन आती है
इसके बाद उन्होंने लव गिल से पूछा, 'क्या सच में आप अपने मुंहबोले भाइयों के साथ भी ऐसा ही करती हो?'. बात यहीं खत्म नहीं हुई. काश्वी ने स्काउट से यह भी सवाल किया कि उन्होंने अपनी तुलना लव से करने की कैसे सोची. इसके बचाव में स्काउट ने सफाई देने की कोशिश की कि तुलना उनके और लव के बीच नहीं थी, बल्कि जिस तरह से लव घर में उनका ख्याल रखती थी, उस कॉन्टेक्स्ट में थी. इस पर भड़की हुई काश्वी ने स्काउट को टोकते हुए बेहद सख्त लहजे में कहा, 'क्या ख्याल रख रहे हो? अगर आपको घर वाली फीलिंग चाहिए थी, तो आपको घर पर ही बैठना चाहिए था. इन हरकतों से मुझे घिन आती है. अगर आपके पास थोड़ी सी भी इज्जत बची है, तो एक लाइन खींचो और उसे तुरंत बाहर रखो.'
शो में आने से पहले काश्वी ने क्या कहा था?
'बिग बॉस' के घर में कदम रखने और इस ड्रामे का हिस्सा बनने से पहले, काश्वी ने 'किक' (Kick) पर अपनी एक लाइवस्ट्रीम के दौरान इस पूरे मामले पर खुलकर बात की थी. उन्होंने अपने फैंस और दर्शकों को शांत रहने की सलाह देते हुए कहा था, 'मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं और निजी तौर पर इन हालातों को संभाल रही हूं. सबसे अहम बात यह है कि मैं दिल से स्काउट का अच्छा चाह रही हूं. घर के अंदर जो कुछ भी हो रहा है, लोग उसे जिस तरह से समझ रहे हैं और सोशल मीडिया पर जो कुछ कहा जा रहा है. इन दोनों चीज़ों में एक बहुत बड़ा फर्क है. मेरे लिए यहां दो अलग-अलग पहलू हैं. पहला स्काउट के साथ मेरा पर्सनल रिश्ता, और दूसरा एक इंसान के रूप में उसका सपोर्ट करना.'
