दीपावली पर अयोध्या आ रहे हैं? छोड़ दें ठहरने की चिंता, 500 से 5000 में मिलेंगे होटल और धर्मशालाएं
Ayodhya Hotel Booking: दिवाली और दीपोत्सव पर रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे श्रद्धालुओं के लिए बजट में ठहरने के कई विकल्प हैं. जानिए कहां मिल सकते हैं सस्ते कमरे और कितना होगा खर्च.
Ayodhya Hotel Booking: दीपावली के पावन अवसर पर अगर आप अपने परिवार के साथ रामनगरी अयोध्या की यात्रा का मन बना रहे हैं तो ठहरने की चिंता अब पीछे छोड़ दें. राम मंदिर के दर्शन करने और शहर में होने वाले भव्य दीपोत्सव का आनंद लेने के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. अच्छी बात यह है कि अयोध्या में अब हर बजट के हिसाब से रात्रि विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध है. चाहे आप कम खर्च में रहना चाहें या थोड़ी बेहतर सुविधाओं वाले कमरे तलाश रहे हों, यहां कई विकल्प मौजूद हैं.
बढ़ती जा रही है श्रद्धालुओं की संख्या
राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई है. इसके साथ ही शहर में होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और धर्मशालाओं की संख्या भी तेजी से बढ़ी है. पहले जहां ठहरने के सीमित विकल्प थे, अब राम मंदिर के आसपास और शहर के अलग-अलग इलाकों में कई नई जगहें खुल चुकी हैं. इससे परिवार के साथ आने वाले श्रद्धालु आसानी से अपनी जरूरत और जेब के हिसाब से कमरा बुक कर सकते हैं.
500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक के कमरे
न्यूज़ 18 के साथ बातचीत में अयोध्या होटल एसोसिएशन के महासचिव पंकज गुप्ता बताते हैं कि दीपावली के मौके पर आने वाले श्रद्धालुओं को रात बिताने के लिए परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है. शहर में 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक के कमरे उपलब्ध हैं. जो लोग कम बजट में ठहरना चाहते हैं, उनके लिए गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में 500 से 1000 रुपये के आसपास के कमरे मिलने की संभावना रहती है. वहीं जो बेहतर सुविधाएं चाहते हैं, वे होटल चुन सकते हैं जहां कमरे का किराया सुविधाओं और लोकेशन के हिसाब से अलग-अलग होता है.
कम खर्चे में रहना
प्रमुख धार्मिक स्थलों के पास भी सस्ते और सुलभ ठिकाने मौजूद हैं. अगर आप कम खर्च में रहना चाहते हैं तो मिथिला गेस्ट हाउस, दर्शन गेस्ट हाउस, चंद्र गेस्ट हाउस या छोटी छावनी धर्मशाला जैसी जगहों पर संपर्क कर सकते हैं. इन जगहों पर कमरे की उपलब्धता और किराये की जानकारी पहले से ले लेना बेहतर रहता है क्योंकि दीपावली के आसपास भीड़ ज्यादा होती है. शहर के हर प्रमुख इलाके में होटल और गेस्ट हाउस फैले हुए हैं, जिससे राम मंदिर और अन्य मंदिरों तक पहुंचना आसान रहता है.
परिवार के साथ जरुर जाएं अयोध्या
पंकज गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दीपावली पर परिवार के साथ अयोध्या जरूर आएं. यहां रामलला के दर्शन के साथ-साथ दीपोत्सव की भव्यता भी देखने को मिलती है. लाखों दीये जलने का नजारा अयोध्या को खास बना देता है. यात्रा की योजना थोड़ी पहले से बना लें तो ठहरने की जगह आसानी से मिल जाती है और पूरा परिवार बिना किसी परेशानी के इस पावन अवसर का आनंद ले सकता है. अयोध्या अब सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं रह गया है, बल्कि एक ऐसा शहर बन गया है जहां श्रद्धा के साथ सुविधाएं भी बढ़ रही हैं. दीपावली पर यहां आकर आप न सिर्फ राम मंदिर के दर्शन कर सकते हैं बल्कि शहर की बदलती तस्वीर और भव्य आयोजनों का भी लुत्फ उठा सकते हैं.
