MP: सिलबट्टा बना मौत का हथियार! करवाचौथ पर पति ने पत्नी को क्यों मार डाला?

ग्वालियर में करवाचौथ पर पति ने कथित तौर पर खलबट्टे से पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद खुद पुलिस को फोन किया। आखिर क्या थी हत्या की वजह?

MP: सिलबट्टा बना मौत का हथियार! करवाचौथ पर पति ने पत्नी को क्यों मार डाला?

देशभर में जहां करवाचौथ का त्योहार खुशियों और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर करवाचौथ के दिन अपनी ही पत्नी की खलबट्टे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। यह घटना ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित त्यागी नगर की है। यहां रहने वाले आनंद श्रीवास्तव पर अपनी पत्नी मधु की हत्या करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर घर में रखे खलबट्टे से पत्नी पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आनंद ने खुद पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मुरार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सीएसपी संदीप बांगरे समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुबह हुआ विवाद, फिर मूसली से किया हमला

 जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह आनंद और मधु के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि आनंद ने पहले अपनी पत्नी का गला दबाया और फिर घर में रखी मूसली से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से मधु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर के दूसरे कमरे में मधु की भाभी और दोनों बच्चे मौजूद थे। हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें किसी तरह की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई नहीं दी। घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं। फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

17 साल का रिश्ता, दो बच्चे और फिर ऐसी खौफनाक वारदात आखिर क्यों

जानकारी के मुताबिक, आनंद और मधु ने करीब 17 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बेटा और एक बेटी है। करवाचौथ जैसे त्योहार पर हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। हालांकि, पति-पत्नी के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।


पड़ोसियों के दावे से हत्या की गुत्थी और उलझी, आखिर क्या है पूरा सच?

ग्वालियर में करवाचौथ के दिन हुई महिला की हत्या के मामले में अब पड़ोसियों के बयान भी सामने आए हैं। पड़ोसियों का दावा है कि आरोपी आनंद श्रीवास्तव मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।