केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशीबाई का निधन, पैतृक गांव जैत में होगा अंतिम संस्कार
केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशीबाई का निधन हो गया है. भोपाल एम्स में अंतिम सांस लेने के बाद उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जैत में किया जाएगा.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. शिवराज सिंह चौहान की माता काशीबाई का आज (शुक्रवार) सुबह निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान ही उन्होंने शुक्रवार की सुबह अंतिम सांस ली. माता के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर तमाम नेताओं और शुभचिंतकों द्वारा संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं.
मां को श्रंद्धाजलि
शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं. माँ का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता. आज उनकी स्मृतियाँ मन को भावुक कर रही हैं. परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें. पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार दोहपर 03 बजे गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर में होगा.
आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। माँ का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियाँ मन को भावुक कर रही हैं। परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें। पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार दोहपर 03 बजे गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर में होगा। ॐ शांति! शोकाकुल परिवार शिवराज सिंह चौहान नरेंद्र सिंह चौहान शशि सिंह चौहान रोहित सिंह चौहान वरुण सिंह चौहान
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) October 30, 2026
अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार का कार्यक्रम
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, काशीबाई के पार्थिव शरीर को भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके निज निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है. शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पार्थिव शरीर भोपाल आवास पर रखा जाएगा, ताकि लोग और परिजन उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें. भोपाल में दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक जिले सीहोर भेजा जाएगा. सीहोर जिले के उनके पैतृक गांव जैत में दोपहर 3:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: इंदौर में भाजपा की विशाल पदयात्रा आज, CM मोहन यादव समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल; 1 लाख लोगों के जुटने का दावा
परिवार का परिचय
शिवराज सिंह चौहान के पारिवारिक बैकग्राउंड की बात करें तो उनके पिता का नाम प्रेम सिंह चौहान था. प्रेम सिंह चौहान की पहली पत्नी सुंदरबाई चौहान थीं, जिनके निधन के बाद उन्होंने काशीबाई से दूसरा विवाह किया था. सुंदरबाई चौहान से प्रेम सिंह चौहान को तीन बेटे और एक बेटी हुई थी, जिनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रोहित सिंह, नरेंद्र सिंह और बहन शशि सिंह शामिल हैं. वहीं, दूसरी पत्नी काशीबाई से एक पुत्र का जन्म हुआ, जिनका नाम वरुण सिंह है.
हाल ही में आई थी घर में खुशियों की सौगात
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक नए मेहमान के आने से जश्न और खुशियों का माहौल था, जब उनकी छोटी बहू ने एक बेटे को जन्म दिया था. परिवार की उस खुशी के कुछ ही दिनों बाद माता काशीबाई के इस तरह दुनिया से चले जाने से पूरे चौहान परिवार में गहरा शोक व्याप्त है.
