Prayagraj: कहीं ड्रम तो कहीं जमीन में गड्ढा... प्रयागराज में आखिर किसने छिपाए करोड़ों रुपये

प्रयागराज के बरईपुर गांव में पुलिस ने एक घर से जमीन में दबे नीले ड्रम में रखे करीब 5 करोड़ रुपये बरामद किए। 500-500 रुपये की नोटों की गड्डियां कपड़े में लपेटकर छिपाई गई थीं। पड़ोसियों से विवाद और FIR के बाद शुरू हुई जांच में इस नकदी का खुलासा हुआ।

Prayagraj: कहीं ड्रम तो कहीं जमीन में गड्ढा... प्रयागराज में आखिर किसने छिपाए करोड़ों रुपये

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस को एक घर के अंदर से करोड़ों रुपये की नकदी मिली है। हैरानी की बात यह है कि 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों को कपड़े में लपेटकर जमीन में गाड़कर रखा गया था। पुलिस ने बुधवार रात करीब 5 करोड़ रुपये की यह रकम बरामद की। नकदी नीले ड्रम में छिपाकर रखी गई थी। मामला प्रयागराज से करीब 32 किलोमीटर दूर बरईपुर गांव का है। यहां राकेश यादव नाम के शख़्स के घर में यह रकम मिली। बताया जा रहा है कि करीब 5-6 दिन पहले राकेश का पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस मामले में उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इसी शिकायत के बाद जब पुलिस राकेश के घर पहुंची तो उसकी दरोगा से बहस हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घर में नकदी छिपाकर रखने की बात सामने आई। तलाशी ली गई तो जमीन में दबे नीले ड्रम से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। रकम इतनी ज्यादा थी कि नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी।

 तलाशी शुरू करने से पहले पुलिस ने पूरे गांव की बिजली कटवाई 

नवाबगंज इलाके के बरईपुर गांव में राकेश यादव उर्फ महाकाल का पुश्तैनी मकान है। पुलिस को सूचना मिली कि उसके घर में चोरी के रुपये जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हैं। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया तक पहुंची, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाशी अभियान की तैयारी की गई।बुधवार शाम करीब 6 बजे डीसीपी (गंगानगर) सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा समेत पुलिस की टीम गांव पहुंची। तलाशी शुरू करने से पहले एहतियात के तौर पर पूरे गांव की बिजली कटवा दी गई। इसके बाद पुलिस ने घर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सोरांव की एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह भी मौके पर मौजूद रहीं।

साढ़े 4 घंटे चली तलाशी

पुलिस के मुताबिक, घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबे तीन नीले ड्रम मिले। इन ड्रमों में कपड़े से लपेटकर 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी गई थीं। पुलिस ने पूरी नकदी अपने कब्जे में ले ली और घर को सील कर दिया। इसके बाद मकान के आसपास घेराबंदी कर दी गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद पुलिस रात करीब 10:30 बजे मौके से लौटी। इस दौरान राकेश यादव के भाई बबलू को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस पूरे परिवार को अपने साथ ले गई। फिलहाल घर के बाहर 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। मकान के साथ-साथ बगीचे और आसपास की खाली जमीन को भी पुलिस ने घेरकर सील कर दिया है।