Cyclone Arnab: चक्रवात अर्नब ने बढ़ाई चिंता! ओडिशा में बाढ़ से हजारों परेशान, 14 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश हो रही है। केदारनाथ-यमुनोत्री में बर्फबारी के बीच 5 जिलों में आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Cyclone Arnab: चक्रवात अर्नब ने बढ़ाई चिंता! ओडिशा में बाढ़ से हजारों परेशान, 14 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

चक्रवाती तूफान अर्नब अब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है, लेकिन इसका असर अभी भी कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत 14 राज्यों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए इन राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते कई जगहों पर दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ओडिशा में बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। गंजाम, गजपति और कंधमाल जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। गंजाम के करीब 300 गांवों का संपर्क टूट गया है, जबकि गंजाम और गजपति में लगभग 62 हजार लोग बाढ़ के बीच फंसे हुए हैं। हालात को देखते हुए NDRF की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। अब तक 120 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

दिल्ली और राजस्थान में भी दिखा अर्नब का असर

दिल्ली में भी गुरुवार देर रात बारिश हुई, जिसके बाद मौसम ठंडा हो गया। IMD के मुताबिक, गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले 6.4 डिग्री कम रहा। खास बात यह है कि अक्टूबर में पिछले चार साल के दौरान दिल्ली का यह सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान में भी चक्रवात अर्नब का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी 28 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। जयपुर में गुरुवार दोपहर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों में करौली, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और टोंक समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं, जयपुर के कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

चक्रवात अर्नब का असर, MP में अलर्ट

मध्य प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर लगातार देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों यानी 2 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को ग्वालियर और जबलपुर समेत 33 जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार को प्रदेश के दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

आगरा-मथुरा में बारिश से बदला मौसम, पूरे यूपी में अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह से लखनऊ, नोएडा, आगरा, मथुरा और जौनपुर समेत 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है, वहीं दिन में भी आसमान में अंधेरा छाया हुआ है। इतना ही नहीं मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गोरखपुर, अयोध्या और मुरादाबाद समेत 21 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

बिहार में बारिश से बदला मौसम, कई जिलों में अलर्ट

बिहार में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखने लगा है। पटना समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। बेतिया, समस्तीपुर, बेगूसराय और गोपालगंज समेत 10 जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सीतामढ़ी और मधुबनी में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 4 जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में यलो अलर्ट है। रेड अलर्ट वाले इलाकों में बिजली गिरने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़ में बारिश ने गिराया पारा

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। तूफान का बचा हुआ हिस्सा कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है और उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह और कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर लो प्रेशर एरिया में तब्दील हो सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां भी कम होने लगेंगी। हालांकि, रायगढ़ में रातभर से बारिश का दौर जारी है।

पहाड़ों में फिर बदलेगा मौसम, सभी जिलों में बारिश की चेतावनी

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब गढ़वाल के बाद कुमाऊं में भी दिखाई देने लगा है। उत्तराखंड के सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं, यमुनोत्री और केदारनाथ में कल से बर्फबारी जारी है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।