पंजाब में बेखौफ बदमाशों का आतंक! पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह  पर तलवार और गोलियों से हमला

पंजाब के लुधियाना में पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर 7-8 हमलावरों ने कथित तौर पर गोलियों और धारदार हथियार से हमला किया। मां और मासूम बेटे के सामने हुई इस वारदात।

पंजाब में बेखौफ बदमाशों का आतंक! पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह  पर तलवार और गोलियों से हमला

पंजाब के लुधियाना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर उस वक्त जानलेवा हमला किया गया, जब वह अपनी मां और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहे थे। ढोल्लेवाल इलाके में करीब 7 से 8 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर हमला कर दिया। जगजोत सिंह का आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और सिर पर धारदार हथियार  से कई बार वार किया । इस हमले में जगजोत सिंह और उनके बेटे को चोटें आईं, जबकि परिवार की जान बाल-बाल बच गई। हमले के बाद जगजोत सिंह किसी तरह अपनी मां और मासूम बेटे को सुरक्षित निकालकर लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 

बिल चुकाने कार से उतरे ही थे, तभी बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग!

जानकारी के मुताबिक, पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह अपनी मां मनजीत कौर और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ लुधियाना के ढोल्लेवाल इलाके में स्थित मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट पहुंचे थे। परिवार कार में बैठकर खाना खा रहा था। खाना खाने के बाद जैसे ही जगजोत पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने के लिए कार से नीचे उतरे, तभी पीछे से आए करीब 7 से 8 युवकों ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जगजोत सिंह के मुताबिक, गोलियों से बचने के लिए वह तुरंत भागकर अपनी कार में बैठ गए, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि बदमाशों ने कार की खिड़की के पास पहुंचकर भी फायरिंग की और गाड़ी के अंदर तक गोलियां चलाईं। उस वक्त कार में उनकी मां और मासूम बेटा मौजूद थे। हालांकि हमले में परिवार की जान बच गई।

सिर पर दातर से कई वार, पिस्तौल के बट से भी किया हमला

जगजोत सिंह के मुताबिक, जब उन्होंने कार लेकर मौके से भागने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनकी दस्तार के ऊपर से सिर पर धारदार हथियार दातर से कई वार किए। उनका आरोप है कि हमलावरों ने सिर में दातर फंसाकर उनके बाल तक काट दिए और पिस्तौल के बट से भी हमला किया। पीड़ित ने दावा किया कि हमले के दौरान उनके पैर और आंख के पास गोली के छर्रे भी लगे। हालांकि, चोटें कितनी गंभीर हैं, इसकी पता अभी नहीं चला  है।

 एक साल पहले भी हुआ था हमला, पुरानी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी?

जगजोत सिंह का दावा है कि वह हमलावरों को पहले से जानते हैं। उनके मुताबिक, करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके घर पर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं। उन्होंने इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश और राजनीतिक दुश्मनी होने की आशंका जताई है। जगजोत सिंह ने बताया कि वह पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे, लेकिन फिलहाल अब  किसी भी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं हैं। उनका आरोप है कि हमलावर दूसरी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हो सकते  हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, जगजोत सिंह की मां मनजीत कौर ने घटना के बारे में बताया कि उनका बेटा पानी की बोतल लेने और बिल चुकाने के लिए कार से उतरा था। तभी अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने लगी। उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो उनका बेटा जान बचाने के लिए कार की तरफ भाग रहा था।

बेटे को बचाने के लिए हमलावरों के सामने आई मां, चेहरे पर लगी चोट

जगजोत सिंह की मां मनजीत कौर के मुताबिक, जैसे ही उनका बेटा जान बचाकर कार में बैठा, हमलावर खिड़की के पास पहुंच गए और गोलियां चलाने लगे। बेटे की जान खतरे में देख मनजीत कौर ने उसे बचाने के लिए हमलावरों के सामने आने की कोशिश की। उनका आरोप है कि इस दौरान उनके चेहरे पर भी चोट आई। घटना की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। जगजोत सिंह ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। हालांकि, हमलावर कौन थे, वारदात में किन वाहनों और हथियारों का इस्तेमाल हुआ और फायरिंग की पूरी सच्चाई क्या है, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।