दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा इंतजाम: 50 स्पेशल ट्रेनें चल रहीं, फिर भी ट्रेनों में लंबी वेटिंग

दिवाली और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे करीब 50 स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. इन ट्रेनों की 916 स्पेशल ट्रिप शेड्यूल की गई हैं. इसके अलावा 94 ट्रेनों में 137 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं. इसके बावजूद जयपुर से लखनऊ, पटना, कोलकाता और जम्मूतवी जाने वाली कई ट्रेनों में 4 नवंबर के लिए लंबी वेटिंग चल रही है.

दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा इंतजाम: 50 स्पेशल ट्रेनें चल रहीं, फिर भी ट्रेनों में लंबी वेटिंग

दिवाली पर हर किसी का मन होता है कि वह अपने परिजनों के बीच पहुंचे और रोशनी का यह त्यौहार धूम-धाम से मनाए लेकिन अक्सर घर पहुंचने तक की यह यात्रा काफी मुश्किलभरी हो जाती है. खासतौर पर जब ट्रेन में कन्फर्म सीट नहीं मिले तो यह यात्रा अधिक तकलीफदेह हो जाती है. इस बार त्यौहारों के मौके पर यात्रियों की परेशानी को कम करने और उन्हें कन्फर्म सीट मुहैया कराने के लिए रेलवे प्रशासन स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर जोर दे रहा है. 

अब तक उत्तर-पश्चिम रेलवे 2 दर्जन दिवाली स्पेशल ट्रेनें संचालित करना शुरू कर चुका है जबकि 26 स्पेशल ट्रेनें पहले से संचालित हो रही हैं, जिनकी अवधि नवंबर माह तक के लिए बढ़ाई गई है. इस तरह कुलमिलाकर करीब 50 स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं. वहीं, रेलवे प्रशासन ने 94 ट्रेनाें में यात्रियों की सुविधा के लिए 137 कोच भी बढ़ाए हैं.
916 शेड्यूल का संचालन निर्धारित
उत्तर-पश्चिम रेलवे ने दिवाली को लेकर पहले से तैयारियां शुरू कर दी थी. करीब 15 ट्रेनों का शेड्यूल नवरात्रि से पहले ही फाइनल कर दिया गया था. अब कुछ और रूटों पर भी नई ट्रेनें शुरू की गई हैं. उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि नई स्पेशल ट्रेनों और अवधि बढ़ाई गई दोनों तरह की ट्रेनों को मिलाकर करीब 50 स्पेशल ट्रेनों की 916 स्पेशल ट्रिप अब तक शेड्यूल में संचालित की जा रही हैं. रेलवे का प्रयास यह है कि अपने गंतव्य तक जाने वाले अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट मुहैया कराई जा सकें.
इन नई ट्रेनों का संचालन भी हुआ शुरू
09617 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय 25 नवंबर तक हर बुधवार को चलेगी
09618 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी 26 नवंबर तक हर गुरुवार को चलेगी
09621 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस 30 नवंबर तक हर सोमवार को चलेगी
09622 बांद्रा टर्मिनस-मदार 1 दिसंबर तक हर मंगलवार को चलेगी
04165 प्रयागराज-असारवा 25 नवंबर तक हर बुधवार को चलेगी
04166 असारवा-प्रयागराज 26 नवंबर तक हर गुरुवार को चलेगी
09709 खातीपुरा(जयपुर)-कोलकाता 18 नवंबर तक हर बुधवार को चलेगी
09710 कोलकाता-खातीपुरा 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी
05643 यशवंतपुर-जयपुर 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी
05644 जयपुर-बेंगलूरु कैंट 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी
09711 खातीपुरा(जयपुर)-कामाख्या 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी
09712 कामाख्या-खातीपुरा 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी
07371 हुबली-खातीपुरा(जयपुर) 5 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी
07372 खातीपुरा-हुबली 7 दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी