Diljit Dosanjh Delhi Concert: दिलजीत के शो से बदलेगा दिल्ली का ट्रैफिक, आधी रात तक दौड़ेगी मेट्रो
दिलजीत दोसांझ आज 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत करेंगे। कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में उत्साह है, वहीं दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।
दिल्ली में आज यानी 30 अक्टूबर आज मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत करने जा रहे हैं। उनका कॉन्सर्ट नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। शो में बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
दिलजीत दोसांझ के नाम होगी आज की शाम,गूंजेगा जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का मेगा कॉन्सर्ट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। 'बॉर्न टू शाइन', 'लवर' और 'नैना' जैसे हिट गानों से फैंस के दिलों में जगह बनाने वाले दिलजीत का शो शाम करीब 4 बजे शुरू होगा और रात 10 बजे तक चलेगा। हालांकि, कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते शुरुआत में अनुमति देने से इनकार करने के बाद दिल्ली पुलिस ने सख्त शर्तों के साथ कार्यक्रम को मंजूरी दी है। पुलिस ने आयोजकों को निजी सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने और भीड़ को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
दिल्ली में दिलजीत का शो, फैंस के लिए खास अपील- कार छोड़ें, मेट्रो पकड़ें
दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने फैंस को जरूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में शो से पहले उनकी रिहर्सल पूरी हो चुकी है। साथ ही, दिल्ली पुलिस की अपील का जिक्र करते हुए उन्होंने फैंस से मेट्रो के जरिए कॉन्सर्ट में पहुंचने की गुजारिश की। दिलजीत ने बताया कि कॉन्सर्ट के लिए दिल्ली मेट्रो आधी रात तक उपलब्ध रहेगी। वहीं, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। ऐसे में उन्होंने फैंस से अपनी गाड़ियां लेकर न आने और मेट्रो से सफर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन स्टेडियम के काफी नजदीक है, जिससे दर्शकों को आने-जाने में आसानी होगी।
View this post on Instagram
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट का शेड्यूल और समय
कॉन्सर्ट की तारीख: 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार)
वेन्यू: जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली
गेट खुलने का समय: शाम 4:00 बजे
दर्शकों के पहुंचने का समय: शाम 6:30 बजे तक
दिलजीत की परफॉर्मेंस: शाम 7:00 बजे
कॉन्सर्ट खत्म होने का समय: रात 10:00 बजे
कॉन्सर्ट से दिल्ली में बदलेगा ट्रैफिक, कई प्रमुख सड़कों पर पाबंदी
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत दोपहर एक बजे से रात 12 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। पुलिस ने इसके लिए छह डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं। जरूरत पड़ने पर दो अतिरिक्त पॉइंट भी बनाए जा सकते हैं। भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथा और पांचवां एवेन्यू रोड, बारापुल्ला फ्लाईओवर और दयाल सिंह कॉलेज रोड समेत आसपास की सड़कों पर पाबंदियां रहेंगी। CGO कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कें भी प्रभावित होंगी। और तो और लोधी रोड और दयाल सिंह कॉलेज रोड चौराहे पर वाहनों को दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। लोधी रोड से आने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर या अरविंदो मार्ग की ओर भेजा जाएगा। वहीं, लाला लाजपत राय मार्ग और भीष्म पितामह मार्ग के चौराहों पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस के मुताबिक, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देख लें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।
Falak Abdeen 