थप्पड़ से लेकर जान से मरने तक, Bigg Boss 20 की Kanika Mann ने खोले एक्स बॉयफ्रेंड के डरावने राज
Bigg Boss 20 में कनिका मान ने अपने पहले प्यार और एक्स बॉयफ्रेंड के शोषण की कहानी बताई. जानिए कैसे चाकू लेकर कॉलेज पहुंचा था उनका एक्स,
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के हालिया एपिसोड में एक्ट्रेस कनिका मान (Kanika Mann) ने अपनी जिंदगी के एक बेहद डरावने और दर्दनाक अतीत से पर्दा उठाया है. शो के दौरान साथी कंटेस्टेंट्स काजी तौकीर, गुल्लू उर्फ कुशाल तंवर और मनीष गोयल से बात करते हुए कनिका ने अपने कॉलेज के दिनों के पहले प्यार और उस दौरान झेले गए मानसिक व शारीरिक शोषण के बारे में खुलकर बात की. एक्ट्रेस की ये हैरान कर देने वाली और सिहरन पैदा करने वाली बातें सुनकर घर के बाकी सदस्य भी सन्न रह गए.
फेसबुक से शुरू हुई थी पहली लव स्टोरी
कनिका ने बताया कि उन्हें कॉलेज के पहले साल में पहली बार प्यार हुआ था. उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह अपनी सहेलियों या अन्य लड़कियों को रात के समय अपने बॉयफ्रेंड्स से लंबी फोन पर बातें करते देखती थीं, तो उनके मन में भी एक पार्टनर होने की इच्छा जाग उठी. इसी चाहत में उन्होंने पहली बार फेसबुक पर अपनी आईडी बनाई.
एक्ट्रेस ने बेहद सादगी से शेयर किया, 'मैंने फेसबुक पर अकाउंट बनाया और जिस पहले लड़के ने मुझे थोड़ा सा भी भाव दिया, वही मेरा बॉयफ्रेंड बन गया.' हालांकि, उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका यह पहला फैसला उनकी जिंदगी को एक भयानक दौर में धकेल देगा. वह लड़का आगे चलकर बेहद सनकी और खतरनाक साबित हुआ.
View this post on Instagram
शक, कंट्रोलिंग नेचर और सरेआम थप्पड़
कनिका ने बताया कि उनका वह एक्स बॉयफ्रेंड हद से ज्यादा शक्की और कंट्रोलिंग नेचर का था. वह बिना किसी सूचना के सीधे उनके कॉलेज के क्लासरूम तक पहुंच जाता था. रिश्ते के काले पन्नों को पलटते हुए उन्होंने एक खौफनाक घटना का जिक्र किया कि एक बार उस लड़के ने उन्हें सिर्फ इसलिए सरेआम थप्पड़ मार दिया था क्योंकि उसे कनिका का पहनावा पसंद नहीं आया था. इसके अलावा, वह अक्सर उन पर पाबंदियां लगाता था. एक अन्य घटना में उसने गुस्से में आकर कनिका के हाथ से उनका फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया था. कनिका की यह आपबीती सुनकर घर के अन्य कंटेस्टेंट्स ने उनके उस रिश्ते को एक ‘खतरनाक और वॉयलेंट लव स्टोरी करार दिया.
View this post on Instagram
जब हद पार करते हुए चाकू लेकर कॉलेज पहुंच गया था एक्स
रिश्ते के उस डरावने माहौल को याद करते हुए कनिका ने बताया कि उनके मन में हमेशा इस बात का डर बना रहता था कि कहीं वह लड़का उन्हें कोई गंभीर नुकसान न पहुंचा दे. उन्होंने कहा, 'वह जिस तरह का बर्ताव करता था, मुझे पूरा डर था कि वह मुझे जान से भी मार सकता है.' वह लगातार कनिका का पीछा करता था चाहे वह हॉस्टल हो या कॉलेज का कोई डिपार्टमेंट. हद तो तब पार हो गई जब एक दिन कनिका कॉलेज के डिपार्टमेंट में दाखिल होने ही वाली थीं, तभी उस लड़के ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें जबरन खींच लिया. उसने उस समय हुडी पहन रखी थी और उसके पास चाकू भी था.
कैसे ली कानूनी मदद और ऐसे खत्म हुआ रिश्ता?
जब घर के साथियों ने कनिका से पूछा कि उन्होंने इस टॉक्सिक रिश्ते से आखिरकार मुक्ति कैसे पाई, तो एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने कुछ समय के लिए लॉ की पढ़ाई की थी. इस दौरान उन्हें अपने कानूनी राइट्स की जानकारी मिली, जिससे उन्हें इस मुश्किल हालात से लड़ने की हिम्मत मिली. चाकू वाली घटना के दिन कनिका ने बिना घबराए तुरंत अपने एक क्लासमेट से कहकर पुलिस को फोन करवाया. पुलिस के आते ही वह सनकी बॉयफ्रेंड डर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दो से तीन दिनों तक जेल में रखा. हालांकि, इसके बाद भी लड़के के परिवार की तरफ से कनिका को डराने और धमकाने का सिलसिला कुछ समय तक जारी रहा था, लेकिन आखिरकार उन्होंने उस खौफनाक रिश्ते से हमेशा के लिए दूरी बना ली.
