Gurpreet Ghuggi ने Lovey Gill से जुड़े अबॉर्शन और 5 करोड़ के सेटलमेंट पर तोड़ी चुप्पी, बोले- कोर्ट तक जाएगा मामला
गुरप्रीत घुग्गी ने लव गिल से जुड़े अफेयर, प्रेग्नेंसी और 5 करोड़ के सेटलमेंट की अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी. एक्टर ने कानूनी कार्रवाई की बात कही.
पंजाबी सिनेमा के जाने-माने एक्टर गुरप्रीत घुग्गी (Gurpreet Ghuggi) इन दिनों सुर्खियों में हैं. उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर फैल रही उन तमाम अफवाहों और बेबुनियाद दावों पर खुलकर बात की है, जिनमें उनका नाम 'बिग बॉस 20' की कंटेस्टेंट लव गिल (Love Gill) के साथ जोड़ा जा रहा था. यह पूरा विवाद कथित तौर पर उनकी फिल्म 'फर्लो' (Furlow) की शूटिंग के दौरान साथ काम करने से शुरू हुआ था, जो अब 'बिग बॉस' में लव गिल की मौजूदगी के कारण एक बार फिर सोशल मीडिया पर तूल पकड़ चुका है.
क्या है पूरा मामला और क्या फैल रही थीं अफवाहें?
इस साल की शुरुआत से ही सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यह चर्चा चल रही थी कि गुरप्रीत घुग्गी और लव गिल के बीच रोमांटिक रिश्ते हैं. धीरे-धीरे इन अफवाहों ने और भी गंभीर रूप ले लिया. इंटरनेट पर बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के कई तरह के दावे किए जाने लगे, जिनमें- कथित प्रेग्नेंसी और अबॉर्शन की बातें शामिल थी और 5 करोड़ रुपये के भारी-भरकम सेटलमेंट का दावा किया गया. हालांकि, इन सभी दावों का कोई भी ठोस सबूत मौजूद नहीं है और न ही दोनों में से किसी कलाकार ने कभी इन्हें सच माना है. लेकिन 'बिग बॉस 20' में लव गिल के आने के बाद इन पुरानी और बेबुनियाद कहानियों को फिर से हवा मिल गई.
View this post on Instagram
वीडियो जारी कर घुग्गी ने क्या कहा?
इन तमाम अटकलों से तंग आकर गुरप्रीत घुग्गी ने पंजाबी में एक वीडियो मैसेज जारी किया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह सब उनकी और लव गिल की इमेज को खराब करने के लिए किसी गहरी साजिश या एजेंडे के तहत किया जा रहा है. घुग्गी ने इस दौरान लव गिल की मानसिक स्थिति और उनके करियर को लेकर भी गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा, 'आज जब हम खुलकर बोलेंगे, तो सच्चाई सामने आएगी ही. लेकिन ज़रा सोचिए, उस लड़की की क्या हालत होगी जिसने अभी-अभी अपने करियर की शुरुआत की है और जिसका एक परिवार है? वह इस समय काफी ट्रॉमा से गुजर रही होगी. उसकी मानसिक हालत ठीक न होने की वजह से शायद वह तुरंत सामने आकर जवाब नहीं दे पा रही है.' अपनी मानसिक मजबूती का जिक्र करते हुए घुग्गी ने कहा कि वह अंदर से एक मजबूत इंसान हैं और इस तरह की निगेटिविटी से टूटने वाले नहीं हैं, लेकिन ऑनलाइन ट्रोलिंग किसी की जान भी ले सकती है.
View this post on Instagram
सोशल मीडिया की तुलना 'तेज चाकू' से की
सोशल मीडिया पर व्यूज, लाइक्स और पैसों के लिए किसी की इज्जत से खिलवाड़ करने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए घुग्गी ने बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि डिजिटल साइबरबुलिंग भी उतना ही खतरनाक है जितना कि शारीरिक हिंसा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स किसी तेज चाकू की तरह हैं. लोग सिर्फ अपनी पॉपुलैरिटी और पैसों के लिए दूसरों को निशाना बनाते हैं. अगर इस मानसिक तनाव के कारण किसी की जान चली जाती है, तो क्या उसे आपकी उपलब्धि कहा जाएगा? यह हत्या के बराबर है.
अब कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाएंगे एक्टर
अपने इस वीडियो मैसेज के अंत में गुरप्रीत घुग्गी ने स्पष्ट कर दिया कि वह इन झूठे इल्जामों को यूं ही जाने नहीं देंगे. उन्होंने कानूनी कदम उठाने का संकेत देते हुए कहा कि पुलिस अपना काम करेगी और वह इस पूरे मामले को कोर्ट में लेकर जाएंगे. साथ ही, उन्होंने अपने तमाम फैंस, दोस्तों और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के साथियों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया.
