मेरी बायोपिक सच नहीं! Bigg Boss 20 से बाहर आते ही Mary Kom ने जाहिर की नाराजगी, सीक्वल पर दिया अपडेट

प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म 'मैरी कॉम' को लेकर बॉक्सर की कथित टिप्पणी चर्चा में है. फिल्म में वास्तविक संघर्ष का सिर्फ 10 प्रतिशत हिस्सा दिखाए जाने की बात सामने आई है.

मेरी बायोपिक सच नहीं! Bigg Boss 20 से बाहर आते ही Mary Kom ने जाहिर की नाराजगी, सीक्वल पर दिया अपडेट
Image From IMDB, Instagram
टीवी की दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा वाला शो 'बिग बॉस' (Bigg Boss 20) 20 इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. रोजाना नए-नए विवाद, लड़ाई-झगड़े और इमोशनल पल इस शो को खबरों में बनाए रखे हुए हैं. जैसे-जैसे शो आगे बढ़ रहा है, घर के अंदर के कंटेस्टेंट भी अपना असली रूप दिखा रहे हैं. इसी बीच पिछले हफ्ते बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम (Mary Kom) शो से बाहर हो गईं. जब तक मैरी कॉम 'बिग बॉस' के घर में रहीं, दर्शकों ने उन्हें बहुत पसंद किया. घरवालों के साथ भी उनका रिश्ता काफी अच्छा और सम्मान वाला रहा. शो छोड़ने के बाद मैरी कॉम लगातार इंटरव्यू दे रही हैं, इनमें वह न सिर्फ घर के अंदर के अनुभव साझा कर रही हैं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी और करियर के बारे में भी खुलकर बात कर रही हैं.
बायोपिक को लेकर निराश 
हाल ही में एक इंटरव्यू में मैरी कॉम ने अपनी बायोपिक फिल्म के बारे में बात की. साल 2014 में उनकी जिंदगी पर बनी फिल्म ‘मैरी कॉम’ में प्रियंका चोपड़ा ने उनका किरदार निभाया था. शो से बाहर आने के बाद मैरी ने ‘स्क्रीन’ को दिए इंटरव्यू में इस फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अब इस कहानी का कोई सीक्वल बनना चाहिए. मैरी का कहना है, 'मेरी कहानी तो सब जानते हैं. मेरा करियर और मेरा सफर पहले ही फिल्म और मेरी किताब ‘अनब्रेकेबल’ में दिखाया जा चुका है. लेकिन वह बायोपिक पूरी तरह सच नहीं थी.'
View this post on Instagram

A post shared by Dr MC Mary Kom (@mcmary.kom)

10 प्रतिशत ही दिखाया गया
मैरी कॉम ने आगे बताया कि फिल्म में उनके असली संघर्ष का बहुत छोटा हिस्सा ही दिखाया गया. उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि कहानी के कुछ हिस्से असल जिंदगी जैसे नहीं थे. इसमें मेरे संघर्ष और मेहनत का सिर्फ 10 प्रतिशत ही दिखाया गया था. अगर आप मेरी किताब पढ़ेंगे, तभी आपको पता चलेगा कि मैंने कितनी मुश्किलें झेली हैं और कितनी मेहनत की है.' मैरी ने भविष्य को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा यह तो कोई नहीं जानता, लेकिन वह चाहते हैं कि उनका भविष्य खुशहाल और सुकून भरा हो. लोगों के मन में यह सवाल भी रहता है कि क्या उनकी जिंदगी में प्यार के लिए कोई जगह है. इस पर मैरी ने जवाब दिया कि अगर भविष्य में ऐसा कुछ होता है तो वह उस वक्त तय करेंगी. 
View this post on Instagram

A post shared by Dr MC Mary Kom (@mcmary.kom)

बिग बॉस 20 में आने का फैसला क्यों लिया?
मैरी कॉम ने यह भी बताया कि उन्होंने बिग बॉस में शामिल होने का फैसला क्यों किया. उन्होंने कहा कि वह कई सालों से यह शो देखती आ रही थीं. लेकिन सिर्फ टीवी पर देखने से और खुद अंदर जाकर अनुभव करने में बहुत फर्क होता है. मैरी का कहना था, 'मेरा मकसद इस शो के फॉर्मेट को खुद अनुभव करना था. जब तक आप खुद इसमें हिस्सा नहीं लेते, तब तक आप इसकी असलियत नहीं समझ सकते. मैं चाहती थी कि लोग मेरे सफर के बारे में और जानें. बॉक्सिंग का सफर अलग है, लेकिन दुनिया भर में बहुत से लोग शायद असली मैरी कॉम को नहीं जानते थे. अब शो के बाद वे जान गए हैं कि मैं सिर्फ एक बॉक्सर नहीं, बल्कि एक मां और एक आम इंसान भी हूं.'
मैरी ने यह भी बताया कि सालों तक लोगों का यह ख्याल था कि वह शायद खाना बनाना या घर के छोटे-मोटे काम नहीं जानती होंगी. 'बिग बॉस' में आकर उन्होंने इन गलत धारणाओं को तोड़ने का मौका पाया. शो के जरिए लोगों ने देखा कि मैरी कॉम न सिर्फ रिंग में मजबूत हैं, बल्कि घर के कामों में भी कुशल हैं और परिवार के प्रति समर्पित हैं.