भोपाल में मुरैना से आ रहा 700Kg एनालॉग पनीर जब्त, दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 7 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया। मुरैना से ट्रेन के जरिए आई 2.5 लाख रुपये की खेप की सप्लाई की जांच जारी है।

भोपाल में मुरैना से आ रहा 700Kg एनालॉग पनीर जब्त, दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

प्रतिबंधित है एनालॉग पनीर, फिर नही हो रहा उत्पादन 

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर से 7 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया है। मंगलवार रात करीब 2 बजे हुई कार्रवाई में 700 किलो से अधिक पनीर पकड़ा गया। इसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पनीर की खेप ट्रेन से मुरैना से भोपाल लाई गई थी।

बिल्टी के आधार पर दर्ज किया प्रकरण

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बिल्टी और बिल के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। बुधवार सुबह तक कार्रवाई जारी थी। अब विभागीय टीम यह पता लगा रही है कि पनीर की सप्लाई किन दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट या डेयरियों में की जानी थी। संबंधित लोगों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद इसे पहली कार्रवाई बताया जा रहा है।

प्रदेश में प्रतिबंधित है एनालॉग पनीर

सरकार ने करीब तीन महीने पहले पूरे मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया था। इसे तैयार करने में दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति वसा, पाम ऑयल और स्टार्च जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। यह अपने आप में नकली उत्पाद नहीं है, लेकिन इसे असली डेयरी पनीर बताकर बेचना गलत है।

एनालॉग पनीर खाने से क्या होता है 

खराब कोलेस्ट्रॉल : इसमें पाम ऑयल और रिफाइंड फैट होता है, जिससे शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल तेजी से बढ़ता है।
लिवर की समस्या : लिवर सिंथेटिक फैट और पाम ऑयल को आसानी से पचा नहीं पाता, जिससे लिवर पर असर पड़ता है।
मोटापा : अल्ट्रा-प्रोसेस्ड और हाई-कैलोरी फैट होने के कारण वजन तेजी से बढ़ता है।
हार्ट अटैक का खतरा : बैड कोलेस्ट्रॉल से धमनियों में ब्लॉकेज होने से कम उम्र में दिल का दौरा पड़ने का जोखिम बढ़ जाता है।
पाचन की समस्या : इस पनीर में मौजूद स्टार्च और केमिकल्स पेट में जाकर पाचन तंत्र को धीमा करते हैं, जिससे गैस और बदहजमी होती है।
पोषक तत्वों की कमी : इसमें प्राकृतिक प्रोटीन या कैल्शियम नहीं होता है, जिससे शरीर कमजोर होता है।

खरीदारी के समय इन बातों का रखें ध्यान

पनीर खरीदते समय पैकेट पर FSSAI लाइसेंस और सामग्री की सूची जरूर देखें। यदि लेबल पर Analogue, Imitation या Vegetable Fat लिखा है, तो वह सामान्य डेयरी पनीर नहीं है। खुले या बिना लेबल वाले उत्पाद खरीदने से बचें। खराब गुणवत्ता के तेल या मानकों के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है।