बद्रीनाथ से लौटते वक्त हेलीकॉप्टर लापता, चमोली में सर्च ऑपरेशन शुरू
चमोली में बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने की जानकारी दी।
उत्तराखंड के चमोली जिले से एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर सामने आई है। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से फाटा लौट रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के पास चाई गांव और विष्णुप्रयाग क्षेत्र के आसपास उससे संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया है। इसके साथ ही मेडिकल टीम भी रवाना की गई है। फिलहाल प्रशासन की टीमें हेलीकॉप्टर की तलाश में जुटी हैं और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पायलट समेत 6 लोग थे सवार,CM धामी ने लिया संज्ञान
उत्तराखंड के चमोली जिले में लापता हुए हेलीकॉप्टर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। इसके जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास पहाड़ी से टकराकर क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रो के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर 1:12 बजे ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर (VT-HCX) बदरीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही उससे संपर्क टूट गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर क्रैश की जानकारी दी और बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 30, 2026
घायलों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पताल पहुंचाने के निर्देश
सीएम धामी ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट कर बड़े चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
Falak Abdeen 