आजम खान को जेल से रिहा होते ही ED ने लिया हिरासत में, जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग केस में गाजियाबाद रवाना
रामपुर जेल से रिहा होते ही ED ने आजम खान को हिरासत में लिया. जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भारी सुरक्षा के बीच गाजियाबाद रवाना किया गया.
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर काफी बढ़ गई हैं. रामपुर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया है। यह पूरी कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में की गई है. इस घटनाक्रम के बाद से राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हलचल मच गई है.
भारी पुलिस बल और सीआरपीएफ के साथ पहुंची ईडी की टीम
शनिवार की शाम को जैसे ही यह खबर फैली कि आजम खान जेल से बाहर आने वाले हैं, वैसे ही रामपुर जेल के बाहर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हो गईं. ईडी की एक भारी-भरकम टीम करीब 15 गाड़ियों के काफिले और लगभग 50 सशस्त्र सीआरपीएफ जवानों के साथ सीधे जेल के गेट पर पहुंच गई. अचानक हुए इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम की भनक लगते ही जिला प्रशासन और पुलिस के भी तमाम आला अधिकारी मौके पर दौड़ पड़े. अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह कई थानों की फोर्स के साथ जेल गेट पर पहुंचे. वहीं, जेल के बाहर अपने नेता की रिहाई का इंतजार कर रहे समर्थकों की भीड़ भी इस अचानक हुई हलचल को देखकर हैरान रह गई.
"आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला जमानत पर बाहर आएंगे या नहीं!! ये बड़ा सवाल है.. जमानत की टाइमिंग सपा के लिए वरदान है तो सरकार के लिए मुसीबत.. शायद यही वजह है आजम को जेल से बाहर न आने के लिए सारे पैंतरे आजमाए जा रहे हैं.." रामपुर जेल में बंद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला की कुछ मिनट बाद रिहाई है.. दोनों के खिलाफ दो पैन कार्ड का केस है जिसमें हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है.. उनके समर्थक जेल के बाहर घंटों से फूल मालाएं लेकर खड़े हैं.. एक-एक पल का इंतजार भारी है.. लेकिन इसी बीच कुछ ऐसा होने जा रहा है जिसकी शायद आजम, अब्दुल्ला और उनके समर्थकों के साथ सपा नेताओं ने कल्पना भी नहीं की होगी.. ईडी की टीम रामपुर जेल के भीतर पहुंच गई है.. पंचम तल के सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीम दोनों को अपनी कस्टडी में ले लेगी.. यानि दोनों रहेंगे जेल के भीतर ही.. #Rampur #AzamKhan #Abdulla #Jail #RELEASE #CourtOrder #ED
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) October 31, 2026
हाईकोर्ट से मिली थी जमानत, लेकिन ईडी ने कसा शिकंजा
आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से आजम खान की रिहाई को लेकर तमाम तरह की अटकलें और संशय की स्थिति बनी हुई थी. हाल ही में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी, जिससे उनके जल्द बाहर आने की उम्मीद बंध गई थी. लेकिन, कानूनी प्रक्रिया के साथ-साथ उनके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों का शिकंजा भी कसता चला गया. ईडी की ओर से अजीमनगर थाने में दर्ज कराई गई भ्रष्टाचार की एक अन्य एफआईआर के आधार पर, उन्हें रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पहले ही प्रार्थना पत्र दाखिल किया जा चुका है. इस मामले में कोर्ट की तरफ से उन्हें 2 नवंबर को तलब किया गया था और सोमवार को इस पर सुनवाई होनी थी. हालांकि, इससे पहले ही शनिवार शाम को ईडी ने अपनी चाल चल दी.
रामपुर जेल से रिहा होते ही आजम खान को ED ने गिरफ्तार कर लिया... आजम ने ED की गाड़ी में बैठते हुए आसमान में ऊपर हाथ उठाकर कुछ इशारा किया और मुस्कुराए..वही कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए जमकर नारेबाजी भी की, कार्यकर्ताओं की खुशी का जश्न मायूसी में बदल गया #Rampur #Azamkhan https://t.co/paF1Q1MlFz
— Arun (आज़ाद) Chahal ???????? (@ArunAzadchahal) October 31, 2026
जेल गेट पर हुई तीखी तकरार और धक्कामुक्की
शनिवार शाम को जब आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला खान जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकलने वाले थे, तो उससे ठीक पहले ईडी के करीब 8 अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ वहां मुस्तैद हो गए. शुरुआत में ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि शायद टीम जेल के अंदर जाकर उनसे पूछताछ करेगी या कस्टडी में लेगी, लेकिन ईडी के अधिकारी जेल के बाहर ही उनका इंतजार करते रहे.
जैसे ही आजम खान और अब्दुल्ला जेल से बाहर आए, ईडी की टीम ने तुरंत आगे बढ़कर आजम खान को अपनी कस्टडी में ले लिया और उन्हें गाड़ी में बैठने के लिए कहा. इस पर आजम खान ने गाड़ी में बैठने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी तकरार शुरू हो गई.
यह नजारा देखकर दूर खड़े उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और उन्होंने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और किसी तरह आक्रोशित समर्थकों को शांत कराया. गाड़ी में बैठने को लेकर काफी देर तक खींचतान और हल्की धक्कामुक्की भी हुई, लेकिन भारी-भरकम फोर्स और सुरक्षा घेरे के आगे आजम खान की नहीं चल सकी. वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी उन्हें समझाया. अंत तमाम विरोध और हंगामे के बीच ईडी ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाया और कड़ी सुरक्षा के साथ गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई.
अब आगे क्या?
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम आजम खान को लेकर गाजियाबाद के लिए निकल चुकी है, जहां उन्हें रविवार को संबंधित अदालत में पेश किए जाने की संभावना है. इस नई गिरफ्तारी के बाद आजम खान की कानूनी मुश्किलें और लंबी खिंचती नजर आ रही हैं, जबकि उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में इसको लेकर गहरा रोष और चिंता का माहौल है.
