Dhanush भी थलपति विजय की राह पर? फैन क्लब का नाम बदलकर 'वेलफेयर मूवमेंट' करने से तेज हुई राजनीतिक अटकलें
तमिल एक्टर धनुष के फैन क्लब का नाम बदलने और महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक की खबरों के बीच उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
तमिल सिनेमा स्टार धनुष (Dhanush) को लेकर इन दिनों राजनीतिक गलियारों से लेकर सिनेमा जगत तक एक बड़ी चर्चा जोरों पर है. क्या एक्टर धनुष भी अपने को-एक्टर थलपति विजय की तरह राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं? इस सवाल ने उस वक्त और जोर पकड़ लिया जब रविवार, 25 अक्टूबर को चेन्नई के बाहरी इलाके में स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में एक खास आयोजन किया गया. 'कैप्टन मिलर' फेम अभिनेता धनुष अपने ऑफिशियल फैन क्लब की 3,000 से अधिक महिला अधिकारियों और महिला वॉलंटियर्स से मिलने पहुंचे. इस आयोजन और हालिया बदलावों ने फैंस और राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
फैन क्लब के नाम और लोगो में बड़ा बदलाव
धनुष के राजनीतिक डेब्यू की चर्चाएं तब से तेज हैं, जब कुछ दिन पहले यह घोषणा की गई थी कि उनके फैन क्लब का नाम बदलकर 'धनुष फैंस क्लब्स' से 'धनुष नरपानी इयक्कम' (Dhanush Narpani Iyakkam) यानी 'धनुष वेलफेयर मूवमेंट' कर दिया गया है. इस बदलाव की औपचारिक शुरुआत 14 अक्टूबर को कोयंबटूर में हुई. वहां हुई एग्जीक्यूटिव्स की एक महत्वपूर्ण मीटिंग में इस नाम परिवर्तन को आधिकारिक मंजूरी दी गई. इसके साथ ही ग्रुप का एक नया लोगो भी सामने आया है. इस नए लोगो में एक बड़े लाल तारे के चारों ओर गोल लाल और सफेद बॉर्डर बनाया गया है, और उस तारे के केंद्र में एक्टर धनुष की हाथ जोड़े हुए तस्वीर है. लोगो पर तमिल भाषा में टेक्स्ट भी लिखा गया है, जो इस ग्रुप को आधिकारिक तौर पर एक वेलफेयर (कल्याणकारी) मूवमेंट के रूप में मान्यता देता है. रविवार को इस बैठक के लिए चुने गए प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज को धनुष के बड़े-बड़े पोस्टर्स और बैनरों से पूरी तरह सजाया गया था, जिससे वहां का माहौल किसी राजनीतिक सम्मेलन जैसा नजर आ रहा था.
Most Crowd for women fans meet: 1. Dhanush - 6000+ (without political entry) 2. Vijay - 2000 (After political entry) #OM @dhanushkraja https://t.co/psi1M3d5RZ
— . (@Raghuvaran_07) October 25, 2026
जुलाई में ही मिल गए थे बदलाव के संकेत
यह सब अचानक नहीं हुआ है. इसी साल जुलाई के महीने में तिरुवल्लूर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धनुष ने अपने फैंस से एक खास अपील की थी. उन्होंने भीड़ से कहा था कि वे केवल फिल्मों के ऑडियो लॉन्च या म्यूजिक कॉन्सर्ट में उनका स्पोर्ट करने तक सीमित न रहें, बल्कि विभिन्न प्रकार की सोशल वेलफेयर एक्टीविट्ज में भी एक्टिव रूप से भाग लें. उस इवेंट में धनुष ने अपने फैंस से कहा था, 'अपने इलाके के लोगों के लिए, अपने आस-पास रहने वाले परिवारों के लिए जो कुछ भी आप कर सकते हैं, वह जरूर करें। हमें अपनी एकता को एक सही और सार्थक मकसद देने की जरूरत है.'
थलपति विजय के नक्शेकदम पर धनुष?
धनुष का यह कदम ठीक उसी रणनीति की याद दिलाता है जो थलपति विजय ने अपनाई थी. राजनीति में आधिकारिक रूप से उतरने से पहले विजय ने भी अपने फैन क्लब का नाम बदलकर 'विजय मक्कल इयक्कम' (Vijay Makkal Iyakkam) यानी 'विजय पीपुल्स मूवमेंट' रखा था. इसके बाद उन्होंने जमीनी स्तर पर जनहित के कार्य किए और अंततः 2 फरवरी 2024 को अपनी राजनीतिक पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) लॉन्च कर दी, जो आगे चलकर राज्य के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सत्ता में आई. अब चूंकि धनुष ने भी अपने फैन क्लब को एक वेलफेयर मूवमेंट में बदल दिया है और महिला कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठकें शुरू कर दी हैं, तो क्या आने वाले समय में तमिल सिनेमा का एक और बड़ा सितारा चुनावी मैदान में उतरेगा? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन फिलहाल इस कदम ने राज्य की राजनीतिक सरगर्मी को काफी बढ़ा दिया है.
