करणी माता की कहानी बड़े पर्दे पर लाएंगे भूषण कुमार और राज शांडिल्य, फिल्म 'कर्णिका' का ऐलान; 2027 में शुरू होगी शूटिंग
करणी माता पर आधारित फिल्म 'कर्णिका' का ऐलान हो गया है। भूषण कुमार और राज शांडिल्य की यह फिल्म राजस्थान में शूट होगी। शूटिंग 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।
नवरात्रि के पावन अवसर पर एक नई धार्मिक फिल्म का ऐलान किया गया है। नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद अब करणी माता की जीवनगाथा बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। टी-सीरीज और कथावाचक फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म 'कर्णिका' की घोषणा की है। फिल्म का पहला लुक भी सामने आ गया है।
17 अक्टूबर को करणी माता के 639वें जन्मोत्सव के अवसर पर इस फिल्म का ऐलान किया गया। फिल्म के जरिए राजस्थान की पूजनीय देवी करणी माता की आध्यात्मिक यात्रा, साहस और विरासत को दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
कौन बना रहा है 'कर्णिका' फिल्म?
फिल्म 'कर्णिका' का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और राज शांडिल्य की कथावाचक फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म की स्टार कास्ट और निर्देशक के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। फिलहाल कलाकारों के चयन और निर्देशक को लेकर बातचीत जारी है।
फिल्म की घोषणा के साथ ही दर्शकों के बीच इसकी कहानी और कलाकारों को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
कौन थीं करणी माता?
करणी माता राजस्थान की प्रमुख पूजनीय देवियों में गिनी जाती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उनके भक्त उन्हें हिंगलाज माता का अवतार मानते हैं। उन्हें 14वीं सदी की संत और योद्धा के रूप में भी याद किया जाता है।
उनका जीवन साहस, आध्यात्मिक ज्ञान और अटूट आस्था से जुड़ा माना जाता है। फिल्म 'कर्णिका' के माध्यम से उनकी इसी विरासत और आध्यात्मिक यात्रा को सिनेमाई रूप में पेश किया जाएगा।
राजस्थान में होगी फिल्म की शूटिंग
'कर्णिका' की शूटिंग के लिए राजस्थान के तीन प्रमुख स्थानों को चुना गया है। फिल्म की शूटिंग देशनोक, बीकानेर और जोधपुर में होगी। शूटिंग वर्ष 2027 में शुरू होने की जानकारी दी गई है।
फिल्म की रिलीज को लेकर भी चर्चा है कि इसे 2027 में ही सिनेमाघरों में लाया जा सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं हुई है।
धार्मिक और पौराणिक विषयों पर आधारित फिल्मों के बीच 'कर्णिका' की घोषणा के बाद अब दर्शकों को इसकी स्टार कास्ट, निर्देशक और रिलीज से जुड़ी अगली जानकारी का इंतजार है।
saloni 