समृद्धि महामार्ग से 4 जिलों को मिलेगा बड़ा फायदा, पूर्व विदर्भ तक होगा विस्तार
Samruddhi Mahamarg Extension: समृद्धि महामार्ग को पूर्व विदर्भ के सुदूर जिलों से जोड़ने के लिए MSRDC ने ₹23,000 करोड़ के टेंडर जारी किए। गोंदिया, गढ़चिरौली व चंद्रपुर को मिलेगा सीधा फायदा।
₹23 हजार करोड़ के टेंडर जारी
Samruddhi Mahamarg Extension Tenders: नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग को पूर्व विदर्भ के दूरस्थ जिलों तक पहुंचाने की परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने इस विस्तार के लिए करीब 23,000 करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं।
परियोजना के तहत भंडारा, गोंदिया, गड़चिरोली और चंद्रपुर को समृद्धि महामार्ग नेटवर्क से जोड़ने के लिए चार नए लिंक एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया अगले दो महीनों में पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू होने के बाद दो साल के भीतर परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
42 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की परिकल्पना से शुरू हुए समृद्धि महामार्ग ने नागपुर और मुंबई के बीच यात्रा का समय कम किया है। अब सरकार इसी सड़क नेटवर्क का विस्तार पूर्व विदर्भ तक करने की तैयारी में है। राज्य सरकार ने 24 सितंबर को करीब 42,000 करोड़ रुपये की कुल योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत चार नए लिंक एक्सप्रेस-वे विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के दूरस्थ जिलों को बेहतर सड़क संपर्क मिल सकेगा।
पूर्व विदर्भ की कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से भंडारा, गोंदिया, गड़चिरोली और चंद्रपुर शहर के लोगों को समृद्धि महामार्ग के जरिए राज्य के अन्य हिस्सों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से यात्रा के समय में कमी आने के साथ व्यापार, उद्योग और परिवहन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
MSRDC के अधिकारी समय निकोसे के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया अगले दो महीनों में पूरी करने और उसके तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। अब परियोजना की गति इस बात पर निर्भर करेगी कि निविदा और निर्माण से जुड़े अगले चरण तय समय पर पूरे होते हैं या नहीं।
