शुक्रवार धमाका थिएटर और OTT पर दस्तक देंगी ये 8 नई फिल्में और सीरीज
इस वीकेंड OTT और सिनेमाघरों में मनोरंजन का धमाका होगा। रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर नई फिल्में और वेब सीरीज दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
दर्शकों के लिए इस वीकेंड बहुत कुछ खास होने वाला है। कहीं सस्पेंस और थ्रिलर का रोमांच देखने को मिलेगा, तो कहीं कॉमेडी का मजेदार तड़का लगेगा। OTT से लेकर सिनेमाघरों तक 8 नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होंगी। अगर आप भी वीकेंड पर कुछ नया और मजेदार देखने की सोच रहे हैं, तो जानिए इस शुक्रवार कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज दस्तक देने वाली हैं।
उड़ता तीर (Udta Teer)
एक सीक्रेट लिस्ट, दो जासूस और एक ऐसा हादसा, जो पूरी कहानी को पलट कर रख देता है, फिल्म 'उड़ता तीर' में बिलाल और ध्रुव भारतीय जासूसों की गुप्त जानकारी हासिल करने निकलते हैं, लेकिन अचानक बिलाल अपनी याददाश्त खो बैठता है और CTS चीफ बर्मन कोमा में चले जाते हैं। अब सवाल है कि बिलाल की याददाश्त लौटने पर कौन-सा राज खुलेगा? और जो अब तक विलेन था, क्या वही असली हीरो निकलेगा?
चार यार (Chaar Yaar)
प्राइम वीडियो की क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'चार यार' में दोस्ती, एक्शन और सस्पेंस का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। मुंबई की पृष्ठभूमि पर बनी इस कहानी में एक गलती चार दोस्तों की जिंदगी कैसे बदल देती है, यही इसका सबसे बड़ा रोमांच है। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज 23 अक्टूबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गई हैं|
लुपिन पार्ट 4 (Lupin Part 4)
'लुपिन' के नए सीजन में असाने डियोप (ओमर सी) की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। इस बार वह फ्रांस की जेल में बंद है, जहां उसे अपनी जान बचाने के साथ परिवार की सुरक्षा के लिए भी लड़ना होगा। राजनीतिक भ्रष्टाचार, जेल के खतरों और गहरे रहस्यों के बीच क्या असाने अपनी चालाकी से बाहर निकल पाएगा? यही सस्पेंस इस सीजन को और रोमांचक बनाएगा।
गजब रात (Gajab Raat)
मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गजब रात' में सत्ता, राजनीति और कॉरपोरेट जगत का ऐसा खेल दिखाया गया है, जहां पैसे और ताकत के दम पर सच्चाई छिपाने की कोशिश होती है। कहानी में महामारी के डर को मुनाफे का जरिया बनाने की साजिश सामने आती है। लेकिन जब पूरा सिस्टम सच दबाने में लगा हो, तब एक रिश्वतखोर पुलिसवाला ऐसा क्या कर देता है कि पूरा खेल पलट जाता है? इसी रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है यह क्राइम थ्रिलर।
द लीजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7 (The Legend of Hanuman Season 7)
अपने सातवें सीजन के साथ वापसी कर रही है,द लीजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7 इस बार हनुमान रावण को हराने का रास्ता खोजने के लिए एक नई यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान उन्हें अपनी भूली हुई शक्तियों का एहसास होगा। रोमांच और भक्ति से भरपूर यह सीरीज 23 अक्टूबर, 2026 को जियो हॉटस्टार पर आ गई है।
फेडिंग ग्रैंड्योर ( Fading Grandeur)
फेडिंग ग्रैंड्योर' की कहानी स्पेन के मार्क्विस डॉन लिएंड्रो के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दिवालिया होने से बचने के लिए मैड्रिड की अपनी हवेली बेचने का फैसला करता है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब एक रहस्यमयी महिला हवेली खरीदने में दिलचस्पी दिखाती है। आखिर कौन है यह महिला और क्या है उसका मकसद? छह एपिसोड की इस सीरीज में एंटोनियो डी ला टोरे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे
सूमो दीदी (Sumo Didi)
सूमो दीदी भारत की पहली महिला सूमो पहलवान हेतल दवे की जिंदगी से प्रेरित कहानी है। इसमें एक ऐसी लड़की का संघर्ष दिखाया गया है, जो बॉडी शेमिंग, परिवार के दबाव और समाज की सोच को पीछे छोड़कर अपने सपनों को पूरा करने निकलती है। यह स्पोर्ट्स ड्रामा हिम्मत, मेहनत और खुद पर भरोसा रखने की एक प्रेरणादायक कहानी है।
तुम मेरे हो (Tum Mere Ho)
फिल्म 'तुम मेरे हो' का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें रोमांस, एक्शन और इमोशन का जबरदस्त मेल देखने को मिल रहा है। गुरमीत इस बार नए अंदाज में नजर आएंगे, जबकि 'बिग बॉस 17' फेम ईशा मालवीय इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। आखिर प्यार की इस कहानी में ऐसा क्या होगा, जो दोनों की जिंदगी बदल देगा?
रोमांस, एक्शन, कॉमेडी से लेकर सस्पेंस और थ्रिलर तक, दर्शकों के लिए बहुत कुछ खास है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन-सी फिल्म या वेब सीरीज दर्शकों का दिल जीतती है।
Falak Abdeen 