टाइगर श्रॉफ फायरिंग के बाद अब अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को धमकी भरा ई-मेल, जलसा पर ग्रेनेड हमले का जिक्र; पुलिस अलर्ट
मुंबई और नवी मुंबई में मिले धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन, दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात। दावों की पुष्टि नहीं, पुलिस और एजेंसियां अलर्ट।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के कुछ दिन बाद अब अभिनेता अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक मुंबई और नवी मुंबई में धमकी भरे ई-मेल मिले हैं, जिसके बाद शहर में सनसनी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
स्कूल को भेजा गया ई-मेल
बताया जा रहा है कि नवी मुंबई के ऐरोली स्थित वाइबग्योर हाई स्कूल को ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसी ई-मेल में दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात भी कही गई है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े का नाम भी निशाने पर बताया जा रहा है।
जलसा और कॉन्सर्ट का जिक्र
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में लाइव कॉन्सर्ट होना है। ई-मेल में अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल है और जुहू स्थित उनके बंगले जलसा पर हमले की धमकी दी गई है। कथित तौर पर ई-मेल में ग्रेनेड से हमला करने की बात लिखी है और 27 से 30 अक्टूबर के बीच निशाना बनाने का जिक्र है।
दावों की पुष्टि नहीं
ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा ने कथित तौर पर जिम्मेदारी ली है, लेकिन इन दावों की अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा से जुड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
इससे पहले 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें वे बाल-बाल बचे। रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें गोलियों के छर्रों से चोटें आई थीं। इस मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं और अब तक करीब 10 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बताया गया है कि शूटर्स को भी पकड़ लिया गया है।
saloni 