Mp सरकार का नया बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट, 268 करोड़ है कीमत

मध्यप्रदेश सरकार का नया और अत्याधुनिक जेट विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंच गया है। इस विमान की मूल कीमत 268 करोड़ रुपए थी, लेकिन टैक्स, बीमा और इंटीरियर का खर्च जोड़ने के बाद इसकी कुल कीमत 350 करोड़ रुपए हो गई है।

Mp सरकार का नया बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट, 268 करोड़ है कीमत

एमपी सरकार का नया जेट विमान

मध्यप्रदेश शासन का यह जेट कनाडा के टोरंटो शहर से रवाना हुआ था। इसके बाद जापान और बैंकॉक में रुकते हुए यह सोमवार को पहले देश की राजधानी दिल्ली पहुंचा था। दिल्ली से उड़ान भरकर इसे सीधे भोपाल लाया गया है।

जानिए क्या हैं नए विमान की खासियत

साल 2026 में बना यह दो इंजन वाला विमान कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसकी प्रमुख खूबियां इस प्रकार हैं...

  • यात्रियों की क्षमता: क्रू मेंबर्स को मिलाकर इस विमान में कुल 10 लोगों के बैठने की जगह है।
  • आवाज से चलेगा केबिन: इस विमान (Challenger-3500 jet) का केबिन वॉयस कंट्रोल्ड है, यानी यह आवाज से नियंत्रित होता है।
  • उड़ान की ऊंचाई: यह विमान 35 हजार फीट की ऊंचाई पर आसानी से उड़ सकता है।
  • रफ्तार: इसकी अधिकतम रफ्तार 882 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस स्पीड से यह भोपाल से दिल्ली का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा कर सकता है।
  • रेंज: यह एक बार में बिना रुके 6 हजार 297 किलोमीटर तक उड़ सकता है। भोपाल से सिंगापुर की दूरी 4,100 किलोमीटर है, इसलिए यह बिना ईंधन भरे सीधे सिंगापुर पहुंच सकता है। हालांकि पेरिस की दूरी 6,900 किलोमीटर है। इसलिए वहां जाने के लिए इसे रास्ते में रुकना पड़ेगा।

उड़ान भरने में लगेंगे 45 दिन

विमान (चैलेंजर-3500 जेट) भोपाल आ तो गया है, लेकिन इसे आसमान में उड़ान भरने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा। विमानन संचालक चंद्रमौलि शुक्ला ने बताया है कि नियमित उड़ान शुरू होने में अभी कम से कम 45 दिन का समय लगेगा।

  • नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की एक तकनीकी टीम भोपाल आएगी।
  • यह टीम विमान की बारीकी से तकनीकी जांच करेगी। साथ ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगी।
  • विमान बनाने वाली कंपनी के साथ जो करार हुआ है, उसके तहत कंपनी पहले एक साल के लिए अपना मुख्य पायलट देगी।
  • इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार के दोनों पायलट सहायक की भूमिका निभाएंगे और चीजें सीखेंगे।