Madhya Pradesh: एक घर में बिछीं चार लाशें, रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव,भोपाल में सनसनी
एक घर में चार मौतें और रेलवे ट्रैक पर पांचवां शव! भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की गुत्थी उलझी हुई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में चार लोगों के शव घर के अंदर मिले, जबकि परिवार के एक पुरुष सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में एक बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो बच्चों के शव मिले हैं। वहीं, परिवार के पुरुष सदस्य का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती आशंका है कि घर में मिले चार लोगों की गला रेतकर हत्या की गई और इसके बाद पुरुष सदस्य ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। हालांकि, अभी तक घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या चार लोगों की हत्या के बाद पुरुष सदस्य ने खुदकुशी की।
मृतकों के नाम आए सामने, एक ही परिवार के 5 लोगों की हुई पहचान
भोपाल की इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि उनकी मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव घर के अंदर बरामद हुए। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
रेलवे ट्रैक पर मिला मुखिया का शव
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में मिले चारों शवों और नरेंद्र की मौत के बीच संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर में चारों लोगों की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
पांच मौतों का राज खोलने में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस घर और रेलवे ट्रैक, दोनों जगहों से साक्ष्य जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घर में मिले चारों शवों और रेलवे ट्रैक पर मिले नरेंद्र साहू के शव के बीच क्या संबंध है। पुलिस घटना के कारणों, घटनाओं के क्रम और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पांचों मौतों की असली वजह सामने नहीं आई है।
Falak Abdeen 