Plane Crash: अमेरिका में प्लेन क्रैश से मचा हड़कंप, 9 की मौत,पायलट ने आखिरी पल में क्या कहा

अमेरिका के फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश होने से 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को विमान के तेजी से नीचे गिरने की चेतावनी दी थी। विमान टेक्सास से बहामास जा रहा था। हादसे के बाद इलाके में आग फैल गई।

Plane Crash: अमेरिका में प्लेन क्रैश से मचा हड़कंप, 9 की मौत,पायलट ने आखिरी पल में क्या कहा

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बिजनेस जेट विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। जानकारी  के मुताबिक, विमान टेक्सास से बहामास जा रहा था। हादसे से कुछ ही पल पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को चेतावनी दी| 

 क्रैश से पहले पायलट ने दी थी ‘मेडे’ की चेतावनी

विमान हादसे से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने बताया कि मौसम लगातार खराब हो रहा था। विमान पर बर्फ जम रही थी और तेज झटके लग रहे थे। बिगड़ते हालात के बीच पायलट ने विमान को 2 हजार फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति भी मांगी। लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए। विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। खतरे को भांपते हुए पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी और रेडियो पर बार-बार ‘मेडे’ कॉल दी। विमान को बचाने की कोशिश के बीच पायलट की आवाज में खतरे की गंभीरता साफ सुनाई दे रही थी।
पायलट ने रेडियो पर कहा, “हम 8 हजार फीट नीचे जा रहे हैं... मेडे, मेडे... हम 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं। हम जमीन से टकराने वाले हैं।” इसके कुछ ही देर बाद विमान सड़क के पास जमीन से टकरा गया। और तो और टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके के साथ जमीन पर बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के इलाके में आग फैल गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर दूर बताई जा रही है।

तेज़ी की रफ्तार से नीचे गिरा विमान

हादसे से पहले बिजनेस जेट करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। लेकिन कुछ ही देर में हालात ऐसे बिगड़े कि विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। रिपोर्ट के मुताबिक, नीचे गिरते समय इसकी अधिकतम रफ्तार 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई। इतनी तेज गिरावट के बीच पायलट की विमान को संभालने की कोशिश भी नाकाम रही। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि यह हादसा दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ। उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताया। हादसे की असली वजह जानने के लिए जांच शुरू की जा रही है।

600 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया  गया

विमान हादसे का असर आसपास के रिहायशी इलाके में भी देखने को मिला। हादसे के बाद पैदा हुए खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने एहतियातन करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। लोगों की सुरक्षा के लिए दो शेल्टर भी बनाए गए, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। वहीं, एविएशन इंडस्ट्री की वेबसाइट एविएशन इंटरनेशनल न्यूज के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ बिजनेस जेट साल 2004 में बना था। इस लिहाज से दुर्घटना के समय विमान करीब 22 साल पुराना था। हादसे के वक्त इलाके में भारी बारिश हो रही थी। गरज-चमक के साथ तूफान जैसे हालात भी बने हुए थे। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि खराब मौसम ही विमान क्रैश होने की वजह था। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

इससे पहले भी अमेरिका में कई विमान हादसे हूए 

अमेरिका में विमान दुर्घटनाओं की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। साल 2026 में भी अलग-अलग राज्यों में कई छोटे विमानों और सैन्य विमान के क्रैश होने की खबरें आईं। इनमें कई लोगों की जान चली गई।

  • 30 अक्टूबर 2026: हवाई के वाइमिया में पांच लोगों को ले जा रहा एक छोटा विमान खेत में क्रैश हो गया।
  • 13 अक्टूबर 2026: विस्कॉन्सिन के डेलोना के घने जंगलों में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई।

  • 15 जून 2026: कैलिफोर्निया के एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के पास अमेरिकी वायुसेना का B-52 बॉम्बर विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई।
  • 30 अप्रैल 2026: टेक्सास के विम्बरली के पास सेसना 421C विमान जमीन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।