Ranabaali बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप! अब इस दिन OTT पर रिलीज होगी विजय-रश्मिका की फिल्म, जानें कहां देखें

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म रणबाली बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. जानें इसकी OTT रिलीज डेट, प्लेटफॉर्म और भाषाएं.

Ranabaali बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप! अब इस दिन OTT पर रिलीज होगी विजय-रश्मिका की फिल्म, जानें कहां देखें
Image From IMDB

साउथ सिनेमा के चर्चित और पसंदीदा पावर कपल विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ के साथ-साथ प्रोफेशनल कारणों से भी काफी सुर्खियों में बने हुए हैं. शादी के बंधन में बंधने के बाद इस लोकप्रिय जोड़ी की यह पहली बिग-बजट फिल्म 'रणबाली' (Ranbaali) सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फैंस को उम्मीद थी कि यह जोड़ी ऑन-स्क्रीन भी बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा देगी, लेकिन यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई. बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब मेकर्स ने फिल्म को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है.

सिनेमाघरों में दम तोड़ गई माइथोलॉजिकल पीरियड ड्रामा

'रणबाली' एक ग्रैंड माइथोलॉजिकल कनेक्ट वाली पीरियड ड्रामा फिल्म थी, जिसके जरिए विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना बड़े पर्दे पर एक नया इतिहास रचने की तैयारी में थे. फिल्म का निर्माण जाने-माने प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स (Mythri Movie Makers) द्वारा किया गया था. इस प्रोजेक्ट का बजट लगभग 120 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. शुरुआती दिनों में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक ओपनिंग जरूर मिली, जिससे मेकर्स और ट्रेड एनालिस्ट्स को उम्मीद थी कि यह फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित होगी. हालांकि, दर्शकों से मिक्स्ड और कमजोर वर्ड-ऑफ-माउथ मिलने के कारण फिल्म की रफ्तार जल्द ही धीमी पड़ गई. इसके अलावा, आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली बड़ी फिल्मों खासकर 'रामायण' के खौफ और दबाव के चलते इस फिल्म के लिए सिनेमाघरों में टिके रहना और मुश्किल हो गया. आलम यह रहा कि 120 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी. 

हॉलीवुड स्टार का जादू भी नहीं आया काम

इस फिल्म को ग्लोबल और भारी-भरकम अपील देने के लिए मेकर्स ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। फिल्म में हॉलीवुड की पॉपुलर फिल्म 'द ममी' (The Mummy) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहे मशहूर हॉलीवुड एक्टर अर्नॉल्ड वूसलो (Arnold Vosloo) को लीड विलेन के रूप में कास्ट किया गया था. दर्शकों को उम्मीद थी कि इस हॉलीवुड स्टार की मौजूदगी फिल्म में एक अलग रोमांच पैदा करेगी, लेकिन कमजोर कहानी और निर्देशन के आगे बड़े कलाकारों का स्टारडम भी फिल्म की नैया पार नहीं लगा सका. 

मेकर्स ने लिया ओटीटी पर जल्द रिलीज करने का फैसला

आमतौर पर किसी भी फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने के 45 से 60 दिनों के बाद ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाता है, ताकि थिएटर्स का बिजनेस प्रभावित न हो. लेकिन 'रणबाली' के मामले में हालात पूरी तरह इसके विपरीत रहे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की लगातार गिरती हालत को देखते हुए मेकर्स ने इसे तय समय से बहुत पहले ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उतारने का फैसला कर लिया है. 

कब और कहां देख सकेंगे?

  • ओटीटी प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स (Netflix India)

  • रिलीज की तारीख: 13 नवंबर 2026

  • भाषाएं: विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी

सूत्रों के अनुसार, नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी आधिकारिक तौर पर शेयर कर दी थी. हालांकि, कुछ ही समय बाद इस पोस्ट को सोशल मीडिया से डिलीट भी कर दिया गया. लेकिन तब तक कई सतर्क यूजर्स ने इसके स्क्रीनशॉट ले लिए थे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. पोस्ट डिलीट होने के पीछे की वजह मेकर्स या प्लेटफॉर्म की कोई नई रणनीति बताई जा रही है. 

क्या वाकई ढलान पर है विजय और रश्मिका का स्टारडम?

फिल्म इंडस्ट्री के गलियारों में इन दिनों इस बात की काफी चर्चा है कि पिछले कुछ समय से विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना दोनों का ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कुछ खास नहीं चल रहा है. दोनों कलाकारों की हालिया रिलीज फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने और उम्मीद के मुताबिक बिजनेस करने में सफल नहीं रही हैं. शादी के बाद इस कपल की यह पहली बड़ी फिल्म थी, जिससे दोनों के करियर को एक नई उड़ान मिलने की उम्मीद थी. लेकिन 'रणबाली' के फ्लॉप होने से न सिर्फ मेकर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, बल्कि इन दोनों स्टार्स के फैंस को भी बड़ा झटका लगा है.