CM विजय का बड़ा ऐलान,दिवाली पर तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा तोहफा, 224 फिल्मों पर बरसे करोड़ों रुपये
सात साल का इंतजार खत्म होते ही 224 तमिल फिल्मों की चमक उठी किस्मत! CM विजय ने दिवाली पर फिल्ममेकर्स को ऐसा कौन-सा तोहफा दिया, जिससे पूरी इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ गई?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को दिवाली पर बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने 224 फिल्मों के लिए करीब 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है। इस फैसले से लंबे समय से आर्थिक मदद का इंतजार कर रहे फिल्ममेकर्स को राहत मिली है। निर्माता टी. शिवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय और मंत्री राजमोहन अरुमुगम का आभार जताया। शिवा के मुताबिक, फिल्ममेकर्स पिछले सात साल से इस सब्सिडी की मांग कर रहे थे। उन्होंने इसे इंडस्ट्री के लिए दिवाली का खास तोहफा बताया।
टी. शिवा ने जताया मुख्यमंत्री विजय का आभार
'अम्मा क्रिएशन्स' के निर्माता टी. शिवा ने X पर तमिल भाषा में पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि 224 फिल्मों के लिए करीब 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी तुरंत जारी करने के लिए मुख्यमंत्री का तहे दिल से शुक्रिया। टी. शिवा 'दैवा वाक्कु', 'अरविंदन', 'सरोजा' और 'अरवान' जैसी फिल्मों को सपोर्ट करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस फैसले के लिए मंत्री राजमोहन अरुमुगम का भी आभार जताया।
सात साल बाद खत्म हुआ इंतजार
टी. शिवा ने बताया कि 224 फिल्मों की सब्सिडी का मामला पिछले सात साल से लंबित था। अब यह राशि जारी होने से 224 फिल्म निर्माताओं के जीवन में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने मंत्री राजमोहन अरुमुगम का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। शिवा के मुताबिक, मंत्री ने इस प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए तेजी और पूरी लगन के साथ प्रयास किए।
फिल्म निर्माताओं को विजय की दिवाली सौगात
टी. शिवा ने इस फैसले को सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े परिवारों के लिए दिवाली का खास तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि सब्सिडी पाने वालों में करीब 90 फीसदी ऐसे लोग हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण से जुड़ी थी और जिन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ा। निर्माता ने उम्मीद जताई कि यह आर्थिक मदद उनके जीवन में नई शुरुआत का रास्ता खोलेगी। उन्होंने 224 निर्माताओं और उनके परिवारों की ओर से मुख्यमंत्री विजय और सरकार का आभार जताया।
224 फिल्म निर्माताओं की बल्ले-बल्ले
चेन्नई के चेपॉक में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन ने तमिलनाडु सरकार की ओर से 224 फिल्मों के निर्माताओं को कुल 15.68 करोड़ रुपये की सब्सिडी बांटी। हर निर्माता को 7 लाख रुपये का चेक दिया गया। इस पहल का मकसद कम बजट में बनने वाली और रिलीज होने वाली तमिल फिल्मों को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही सामाजिक मुद्दों और समाज के लिए उपयोगी विषयों पर फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को प्रोत्साहित करना भी इसका उद्देश्य है।
2015-2022 की फिल्मों पर सरकार मेहरबान
]जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2015 से 2022 के बीच बनी फिल्मों को सब्सिडी के लिए चुना गया। इसके लिए सेवानिवृत्त जस्टिस एस.के. कृष्णन की अध्यक्षता में एक चयन समिति गठित की गई थी।कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन ने भरथिराजा की फिल्म 'करुथम्मा' (1994) का उदाहरण देते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली फिल्में बेहद अहम हैं। उन्होंने ऐसे फिल्म निर्माताओं की सराहना की, जो केवल व्यावसायिक फायदे के बजाय समाज से जुड़े जरूरी मुद्दों को पर्दे पर दिखाते हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के लिए राज्य पुरस्कार केवल योग्यता और निष्पक्षता के आधार पर दिए जाएंगे।
Falak Abdeen 