दीया मिर्जा की नसीहत पर लोगों का पलटवार, विवाद बढ़ा तो BMC ने हटाया वीडियो

दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील को लेकर दीया मिर्जा विवादों में घिर गईं। बीजेपी नेता अमित साटम की आपत्ति के बाद BMC ने उनका वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया।

दीया मिर्जा की नसीहत पर लोगों का पलटवार, विवाद बढ़ा तो BMC ने हटाया वीडियो

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा को दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील करना भारी पड़ गया है। मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान में दीया मिर्जा, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित समेत कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया था। हालांकि, दीया मिर्जा को इस अभियान का हिस्सा बनाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, बीजेपी नेता अमित साटम ने प्रदूषण के खिलाफ अभियान में दीया मिर्जा को शामिल करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोगों को दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। उनके इस बयान के बाद मामला चर्चा में आ गया।

पटाखों पर दीया मिर्जा की अपील से विवाद

दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील करने वाली अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो विवादों में आ गया है। बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने BMC की पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए लिखा, "हमें दीया से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाएं। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं। विवाद बढ़ने के बाद BMC ने दीया का वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया। वहीं, अभियान में शामिल माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे और निशिगंधा वाड के वीडियो अब भी ऑनलाइन मौजूद हैं।

कोर्ट की फटकार के बाद BMC ने उठाया कदम

हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए BMC ने पहली बार नहीं, बल्कि प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए मशहूर हस्तियों का सहारा लिया था। दीया मिर्जा का वीडियो भी इसी अभियान का हिस्सा था। हालांकि, बीजेपी नेता की आपत्ति और सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बाद इसे हटा दिया गया। इस मामले पर शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "दिवाली रोशनी का त्योहार है और इससे एक खास सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है। कोई भी प्रदूषण को बढ़ावा नहीं देना चाहता, लेकिन मुंबईकरों को यह बताने की जरूरत नहीं है कि उन्हें अपना त्योहार कैसे मनाना चाहिए। हमें खुद भी आत्ममंथन करना चाहिए कि प्रदूषण कम करने के लिए हम क्या कर सकते हैं।

रामदास अठावले ने भी जताई नाराजगी

दीया मिर्जा के वीडियो पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दीया मिर्जा एक फिल्म अभिनेत्री हैं और मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन यह किसी एक धर्म का मामला नहीं है। संविधान हर धर्म को अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है। अठावले ने कहा कि जिस तरह हिंदू समुदाय ईद का सम्मान करता है और उसमें शामिल होता है, उसी तरह हिंदुओं को भी दिवाली मनाने का अधिकार है। उनके मुताबिक, पटाखे न जलाने से दिवाली का महत्व कुछ कम हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अत्यधिक प्रदूषण को लेकर चिंता करना जरूरी है।

अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है दीया मिर्जा का परिवार

दीया मिर्जा की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में रही है। उनके पिता ईसाई और मां बंगाली हिंदू थीं। माता-पिता के अलग होने के बाद उनकी मां ने मुस्लिम व्यक्ति से शादी की, जिन्होंने दीया की परवरिश की। दीया ने अपने सौतेले पिता का सरनेम 'मिर्जा' अपनाया।