'पठान-जवान की खिचड़ी या सस्ती कॉपी?' शाहरुख की 'King' का गाना आते ही भड़के फैंस, सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग!
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का गाना 'तू मिल जाए' रिलीज हो गया है. अरिजीत सिंह और एड शीरन की आवाज में शाहरुख-दीपिका की केमिस्ट्री ने फैंस का ध्यान खींचा.
बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान (Shahrukh Khan) ने अपने 61वें जन्मदिन पर अपने फैंस को एक बहुत बड़ा सरप्राइज दिया है. अपनी अपकमिंग और बेहद पॉपुलर फिल्म 'किंग' (King) से जुड़ा एक नया गाना 'तू मिल जाए' आधी रात को सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया गया है. इस गाने में एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ब्लॉकबस्टर जोड़ी की रोमांटिक कैमिस्ट्री देखने को मिल रही है. खास बात यह है कि इस गाने को संगीत की दुनिया के दो बड़े दिग्गजों—अरिजीत सिंह और इंटरनेशनल स्टार एड शीरन ने अपनी आवाज से सजाया है, जिसके बाद से इंटरनेट पर इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है.
प्यार और बारूद की खुशबू के बीच रोमांस
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर गाने का टीज़र/वीडियो शेयर करते हुए बेहद शायराना अंदाज में कैप्शन लिखा, 'प्यार का यह दौर किस्मत वालों को मिलता है... जहां बारूद की खुशबू के बीच गुलाब खिलते हैं... प्यार और दूसरी लड़ाइयों का... इस दिसंबर, #LoveLikeAKing #TuMilJaaye गाना आ गया है! #KING।"
सामने आए इस वीडियो की शुरुआत शाहरुख और दीपिका के रोमांटिक पलों से होती है, जहां एक्टर अपनी को-स्टार से बेहद प्यार करते और उनकी बातें ध्यान से सुनते नजर आ रहे हैं. हालांकि, यह रोमांस ज्यादा देर टिकता नहीं और वीडियो तुरंत एक्शन अवतार में बदल जाता है. वीडियो में शाहरुख जबरदस्त हाथापाई, बंदूकों से फायरिंग, तलवारबाजी और दुश्मनों के ठिकानों पर आग लगाते हुए खूंखार एक्शन सीन करते दिख रहे हैं. वीडियो के अंत में शाहरुख का एक दमदार डायलॉग आता है, जिसमें वह कहते हैं 'और इस बार दिल में आग लगी है, तो दुनिया जलाए बिना मानेगा नहीं.'
गानों के पीछे सितारों की बड़ी टीम
इस धमाकेदार गाने को संगीतबद्ध किया है मशहूर संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर ने, जबकि इसके शानदार बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने को जादुई आवाज दी है अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती ने. इसके अलावा, शाहरुख और दीपिका के एनर्जेटिक डांस मूव्स को कोरियोग्राफ पीयूष और शाज़िया ने किया है.
यह 'पठान' और 'जवान' की याद दिलाता है?
जहां एक तरफ शाहरुख खान के फैंस इस गाने और उनके नए लुक को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूज़र्स और फैंस इस गाने की तुलना शाहरुख की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'पठान' और 'जवान' से कर रहे हैं. एक फैन ने निराशा जताते हुए लिखा, 'अगर कोई मुझसे कहता कि यह 'पठान 2' का गाना है, तो मैं यकीन कर लेता। मुझे उम्मीद है कि 'किंग' फिल्म सिर्फ एक और टिपिकल एक्शन फिल्म से कहीं बढ़कर होगी.' दूसरे यूजर ने कमेंट किया, 'यह तो पूरी तरह से 'पठान' और 'जवान' की खिचड़ी लग रही है.' एक अन्य फैन ने फिल्म की कहानी का अंदाजा लगाते हुए लिखा, 'क्या यह 'जवान' का हैंगओवर है? इसमें SRK-DP का रोमांस वैसा ही है, फिर दीपिका का किरदार मर जाता है और शाहरुख के सफेद बाल दिखते हैं, जो किसी फ्लैशबैक या भविष्य की कहानी की तरह लगता है.' एक तीखी प्रतिक्रिया देते हुए फैन ने लिखा, 'मैंने अभी क्या देखा? इसमें शाहरुख, शाहरुख जैसे नहीं दिखते और दीपिका, दीपिका जैसी नहीं लग रही हैं। यह 'पठान' की एक सस्ती कॉपी सी लगती है.'
