MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम के दोहरे तेवर, कहीं कोहरा तो कहीं बारिश,अगले 4 दिन कैसा रहेगा हाल
मध्य प्रदेश में तेजी से बदलते मौसम के बीच कहां सबसे कम और कहां सबसे ज्यादा रहा तापमान? जानें पचमढ़ी से खरगोन तक मौसम का हाल।
रविवार को मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया। पचमढ़ी और उमरिया में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, खरगोन में पारा 30.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक था।
कई जिलों में बारिश और घने कोहरे का असर
राजधानी भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह के समय विदिशा और टीकमगढ़ में घना कोहरा छाया रहा। विदिशा में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी हुई। छतरपुर के खजुराहो में सबसे ज्यादा 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सीधी में 3.4 मिलीमीटर, जबकि राजगढ़ और टीकमगढ़ में 3-3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। नौगांव, ग्वालियर, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, दिन के समय केवल उमरिया में 1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। सुबह के वक्त ज्यादातर जिलों में नमी का स्तर 85 से 98 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण-पूर्वी MP में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, 5 नवंबर तक अलर्ट
मौसम विज्ञानी एसएन साहू के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणाली 3 नवंबर तक तटीय क्षेत्र में पहुंच सकती है। हालांकि, इसके ज्यादा शक्तिशाली होने की संभावना नहीं है। वहीं, उत्तर प्रदेश से गुजर चुके चक्रवात के कारण आ रही नमी का असर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है। इसके चलते 5 नवंबर तक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
Falak Abdeen 