नेपाल की झील में बर्फबारी में भारत के 6 लोग फंसे, सेना द्वारा रेस्क्यू के लिए हेलीकॉप्टर रवाना
नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित प्रसिद्ध शे-फोक्सुंडो नेशनल पार्क क्षेत्र में मौसम अचानक बिगड़ने और भीषण हिमपात होने के कारण छह भारतीय नागरिक फंस गए हैं।
नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित प्रसिद्ध शे-फोक्सुंडो नेशनल पार्क क्षेत्र में मौसम अचानक बिगड़ने और भीषण हिमपात होने के कारण छह भारतीय नागरिक फंस गए हैं। शनिवार दोपहर से बर्फबारी के बीच फंसे इन सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चला रहा है।
ताज़ा सूत्रों के अनुसार नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण फंसे छह भारतीय पर्यटकों को सोमवार को निकाल लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। डोल्पा जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं पुलिस निरीक्षक बिनय सिंह ने बताया कि बर्फबारी के कारण दो महिला और चार पुरुष पर्यटकों से एक नवंबर से संपर्क टूट गया था और उन्हें सोमवार सुबह एक निजी हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया। पुलिस ने बताया कि सभी पर्यटकों का डोल्पा जिले के दुनै स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। ये पर्यटक काठमांडू से करीब 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर आठ के धो क्षेत्र में गए थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को इलाके में भारी बर्फबारी के कारण शे-फोक्सुंडो झील घूमकर लौटते समय पर्यटक नुमला और वागला दर्रों के बीच फंस गए थे। खराब मौसम और भारी बर्फबारी के खतरे को देखते हुए प्रशासन तथा स्थानीय निवासियों ने लोगों को पहाड़ी क्षेत्र की यात्रा न करने की सलाह दी थी। नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों के फंसने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। अक्टूबर 2025 में तीन ब्रिटिश महिलाओं सहित 15 पर्वतारोहियों को मुस्तांग की हिडन वैली में भारी बर्फबारी के कारण फंस जाने के बाद बचाया गया था। पिछले साल नवंबर में भी मुस्तांग-डोल्पा सीमा के पास बर्फ में फंसे दो नेपाली पर्यटकों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया था।
