WhatsApp Scam Alert: WhatsApp पर फर्जी मैसेज का एक और नया जाल,एक गलती और बैंक अकाउंट हो सकता है खाली

WhatsApp पर ₹2,000 के फ्री बोनस और हॉलिडे गिफ्ट का लालच देकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। जानें कैसे काम करता है यह नया साइबर स्कैम, फर्जी लिंक पर क्लिक करने से क्या नुकसान हो सकता है और इससे बचने के लिए कौन-सी सावधानियां बरतनी चाहिए।

WhatsApp Scam Alert: WhatsApp पर फर्जी मैसेज का एक और नया जाल,एक गलती और बैंक अकाउंट हो सकता है खाली

WhatsApp यूजर्स को एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत है। इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप की लोकप्रियता का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। इन दिनों WhatsApp पर 2,000 रुपये का बोनस या हॉलिडे गिफ्ट देने के नाम पर एक फर्जी मैसेज वायरल हो रहा है। इस मैसेज के झांसे में आने पर यूजर्स को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इस स्कैम की सबसे चिंताजनक बात यह है कि ऐसे मैसेज कई बार दोस्तों, रिश्तेदारों या जान-पहचान के लोगों के जरिए फॉरवर्ड किए जाते हैं। इससे यूजर्स आसानी से इन पर भरोसा कर लेते हैं। हालांकि, यह एक तरह की साइबर ठगी है, जिसका मकसद लोगों को फर्जी लिंक पर क्लिक करवाकर उनकी निजी जानकारी और बैंकिंग डेटा हासिल करना है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने ऐसे मैसेज को फर्जी बताते हुए इनके साथ दिए गए लिंक से दूर रहने की सलाह दी है। अगर कोई यूजर लालच में आकर लिंक खोलता है या अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करता है, तो उसे बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए WhatsApp पर मिलने वाले किसी भी अनजान ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें।

फर्जी लिंक पर क्लिक करने से हो सकते हैं ये बड़े नुकसान

WhatsApp पर मिलने वाले फर्जी लिंक पर क्लिक करना आपके लिए भारी पड़ सकता है। इसके जरिए साइबर ठग आपके निजी डेटा और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसमें आपकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स और अन्य जरूरी डेटा शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, ऐसे लिंक के जरिए आपका WhatsApp अकाउंट भी हैक हो सकता है। जालसाज आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं और आपके संपर्कों को फर्जी मैसेज भेजकर उन्हें भी ठगी का शिकार बना सकते हैं। कुछ मामलों में बैंकिंग जानकारी हासिल होने पर आपके खाते से पैसे भी निकाले जा सकते हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक को खोलने या उस पर अपनी निजी जानकारी दर्ज करने से बचें।

 WhatsApp स्कैम से बचने के लिए अपनाएं ये जरूरी सावधानियां

डिजिटल दुनिया में साइबर ठगी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। सबसे पहले, SMS या सोशल मीडिया के जरिए मिले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। भले ही मैसेज आपके किसी दोस्त, रिश्तेदार या जान-पहचान वाले व्यक्ति ने भेजा हो, फिर भी उसकी सत्यता जांचना जरूरी है। अगर आपको कोई फर्जी मैसेज मिलता है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें और संबंधित नंबर को ब्लॉक करें। बिना जांच किए ऐसे मैसेज को किसी दूसरे व्यक्ति को फॉरवर्ड न करें। अगर आपको पता चलता है कि किसी परिचित ने अनजाने में ऐसा मैसेज भेजा है, तो उसे भी सतर्क करें, ताकि वह खुद और दूसरे लोगों को इस साइबर ठगी से बचा सके। सबसे जरूरी बात यह है कि मुफ्त पैसे, बोनस या महंगे गिफ्ट देने वाले लुभावने ऑफर्स पर आंख बंद करके भरोसा न करें। अगर कोई ऑफर जरूरत से ज्यादा अच्छा लग रहा है, तो उसकी सच्चाई जरूर जांचें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।