CM Vijay: सीएम विजय का तमिलनाडु जेल ब्रेक मामले में बड़ा एक्शन, 17 कर्मचारी निलंबित

तमिलनाडु की थेनी जेल से 17 कैदियों के फरार होने के बाद सीएम विजय ने डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट समेत 17 कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश दिया और राज्य की सभी जेलों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए।

CM Vijay: सीएम विजय का तमिलनाडु जेल ब्रेक मामले में बड़ा एक्शन, 17 कर्मचारी निलंबित

तमिलनाडु के थेनी जिले की जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य की सभी जेलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और निगरानी बढ़ाने को कहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

मेडिकल इमरजेंसी का नाटक कर भागे 17 कैदी, अधिकारी सस्पेंड

तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी उप-जेल में 26 अक्टूबर को 17 कैदियों ने फरार होने के लिए मेडिकल इमरजेंसी का नाटक रचा। इस बहाने उन्होंने जेल कर्मचारियों को अपने काबू में किया और जेल से भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने बाद में सभी 17 कैदियों को दोबारा पकड़ लिया। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जेल की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट (प्रभारी) एन. रामलिंगम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। रामलिंगम 6 अगस्त 2024 से थेनी जिले की जेल में तैनात थे। उन्हें अगले आदेश तक निलंबित रखा जाएगा।

जेल की सुरक्षा में चूक पड़ी भारी, जेलर समेत 17 कर्मियों पर कार्रवाई

जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना के बाद सरकार ने जेल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जेलर समेत 17 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। सरकार के मुताबिक, ड्यूटी में लापरवाही और जेल की सुरक्षा पर ठीक से निगरानी नहीं रखने के कारण यह घटना हुई।

 सभी जेलों की सुरक्षा होगी सख्त

मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य की किसी भी जेल में ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जेलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों और निगरानी तंत्र को दुरुस्त रखने के साथ कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया है। इसके अलावा, जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर व्यवस्था में बदलाव भी किए जा रहे हैं।