LPG Price Hike: दिवाली से पहले महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर, दिल्ली से चेन्नई तक बढ़े दाम; जानें नए रेट
LPG Price Hike: 1 नवंबर से 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के नए रेट जानें.
देशभर के कारोबारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है. नवंबर महीने के पहले दिन ही आम जनता और कमर्शियल उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दामों में इजाफा कर दिया है. रविवार, 1 नवंबर से लागू हुई इस नई बढ़ोतरी के बाद 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें एक बार फिर बढ़ गई हैं। खास बात यह है कि कमर्शियल एलपीजी दरों में लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे ऐन त्योहारी सीजन और दिवाली से ठीक पहले व्यावसायिक गतिविधियों की लागत पर सीधा असर पड़ा है.
प्रमुख महानगरों में क्या हैं नए रेट?
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी देश के अलग-अलग शहरों में भिन्न रूप से देखने को मिली है:
-
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद अब यह 2,810 रुपये से बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है. गौरतलब है कि 1 अक्टूबर को भी इसकी कीमत 2,810 रुपये दर्ज की गई थी.
-
कोलकाता: इस बार सबसे ज्यादा मार कोलकाता के उपभोक्ताओं पर पड़ी है. यहां कमर्शियल सिलेंडर के दाम में सबसे बड़ी यानी 17 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे इसकी नई कीमत 2,971 रुपये पर पहुंच गई है
-
मुंबई: आर्थिक राजधानी मुंबई में 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 10.50 रुपये की मामूली बढ़ोतरी के साथ अब 2,775 रुपये हो गई है।
-
चेन्नई: दक्षिण भारत के प्रमुख महानगर चेन्नई में यह दाम 11.50 रुपये बढ़कर 2,994.50 रुपये पर पहुंच गए हैं
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को मिली राहत
इस पूरे फेरबदल के बीच आम गृहणियों और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर यह है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम पूरी तरह स्थिर बने हुए हैं। वर्तमान में विभिन्न महानगरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं:
-
दिल्ली: 942 रुपये
-
कोलकाता: 968 रुपये
-
मुंबई: 941.50 रुपये
-
चेन्नई: 957.50 रुपये
क्यों बढ़ रहे हैं लगातार दाम?
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में यह नया उछाल सितंबर और अक्टूबर के बाद लगातार तीसरे महीने की बढ़ोतरी को दर्शाता है. आंकड़ों पर गौर करें तो सिर्फ 1 अक्टूबर को ही दिल्ली में 19 किलोग्राम के सिलेंडर के दाम में भारी भरकम 62.50 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 2,810 रुपये तक पहुंचा दिया गया था, जो अब बढ़कर 2,820 रुपये हो गया है.
औद्योगिक जानकारों के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी की कीमतें हर महीने की पहली तारीख को देश की सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) द्वारा संशोधित की जाती हैं। ये कीमतें अंतरराष्ट्रीय एलपीजी बेंचमार्क और आयात लागत (Import Cost) के आधार पर तय होती हैं.
इस बार की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के पीछे ग्लोबल एनर्जी मार्केट में जारी भारी उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव को मुख्य वजह माना जा रहा है। विशेष रूप से, खाड़ी देशों (Gulf Countries) से ऊर्जा शिपमेंट के लिए एक बेहद अहम मार्ग माने जाने वाले 'होर्मुज स्ट्रेट' (Strait of Hormuz) से होने वाली सप्लाई में किसी भी संभावित रुकावट को लेकर बाजार में चिंताएं बनी हुई हैं, जिसका सीधा असर ईंधन और गैस की वैश्विक कीमतों पर पड़ रहा है.
