हरदीप सिंह पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की कमाई पति से दोगुनी, हलफनामे में सामने आई करोड़ों की संपत्ति

हरदीप सिंह पुरी के राज्यसभा उपचुनाव हलफनामे में पत्नी लक्ष्मी पुरी की 1.69 करोड़ रुपये सालाना आय और करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है.

हरदीप सिंह पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की कमाई पति से दोगुनी, हलफनामे में सामने आई करोड़ों की संपत्ति
Image From Instagram: @hardeepspuri
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri ) ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. इस दौरान जमा किए गए हलफनामे में उनके और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी की आय तथा संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा सामने आया है. हलफनामे से साफ पता चलता है कि लक्ष्मी पुरी की सालाना कमाई उनके पति से काफी अधिक है. 
नामांकन और उपचुनाव की पृष्ठभूमि
हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्य प्रदेश से होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. भाजपा ने 28 अक्टूबर को उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की थी. यह सीट केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन के 13 अक्टूबर को इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी. उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक का था, लेकिन अचानक इस्तीफे के कारण 12 नवंबर को उपचुनाव कराना पड़ा. नामांकन से पहले पुरी ने एक गुरुद्वारे में प्रार्थना की और करुणा धाम आश्रम में संत सुदेश शांडिल्य महाराज का आशीर्वाद लिया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहे. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को दिवाली से पहले पुरी जैसे सांसद का तोहफा मिलने वाला है. 
पत्नी लक्ष्मी पुरी की आय पति से दोगुनी से ज्यादा
लक्ष्मी पुरी एक रिटायर्ड भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं. उन्होंने लंबे समय तक राजनयिक और संयुक्त राष्ट्र में अधिकारी के रूप में काम किया है. हलफनामे के अनुसार, उनकी सालाना आय लगभग 1.69 करोड़ रुपये है. वहीं, हरदीप सिंह पुरी की सालाना आय 75.57 लाख रुपये बताई गई है. यानी पत्नी की कमाई पति की आय से दोगुनी से भी अधिक है।लक्ष्मी पुरी की आय पिछले पांच सालों में 15.39 लाख रुपये से बढ़कर 1.69 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. उनकी कमाई के मुख्य स्रोत भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से मिलने वाली पेंशन, जिनेवा स्थित संपत्ति से किराया और बैंक जमा पर ब्याज हैं. हरदीप सिंह पुरी की आय भी इसी दौरान 63.36 लाख रुपये से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हो गई है. उनकी आय में पेंशन, केंद्रीय मंत्री के रूप में मिलने वाला वेतन, दिल्ली की संपत्ति से किराया और बैंक ब्याज शामिल हैं. 
चल और अचल संपत्ति का ब्यौरा
संपत्ति के मामले में भी लक्ष्मी पुरी आगे नजर आती हैं. उन्होंने 10.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है, जबकि उनके पति ने 6.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति बताई है. लक्ष्मी पुरी के बैंक खातों में लगभग 1.02 करोड़ रुपये जमा हैं, जो पुरी के 22.20 लाख रुपये से कहीं ज्यादा हैं. अचल संपत्ति की बात करें तो लक्ष्मी पुरी के पास करीब 9 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें सबसे बड़ी संपत्ति स्विट्जरलैंड के जिनेवा में स्थित एक अपार्टमेंट है, जिसकी कीमत लगभग 3 मिलियन स्विस फ्रैंक यानी करीब 34 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में उनका एक घर भी है, जिसकी कीमत 19.52 लाख रुपये है. उन्होंने विदेशी मुद्रा में भी करीब 2.75 करोड़ रुपये की होल्डिंग बताई है.
हरदीप सिंह पुरी ने अपनी अचल संपत्ति की कीमत 20 करोड़ रुपये बताई है. इसमें दिल्ली के वेस्ट एंड इलाके में स्थित एक रिहायशी संपत्ति शामिल है. दोनों के पास कुछ नकद राशि, गाड़ियां और जेवरात भी हैं। पुरी के पास 10 हजार रुपये नकद और करीब 32 लाख रुपये की गाड़ी है, जबकि लक्ष्मी पुरी के पास 20 हजार रुपये नकद और 45 लाख रुपये के जेवरात हैं. दोनों के नाम पर पीपीएफ और सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम में भी निवेश है। दोनों पर किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज नहीं है.