उरई में बेटे की जान का दुश्मन बना बाप, तंग था औलाद की इस हरकत से; 3 लाख की सुपारी देकर करवाई हत्या
उत्तर प्रदेश के उरई में नशे की लत से परेशान पिता ने कथित तौर पर 3 लाख रुपये में बेटे की हत्या की सुपारी दी. पुलिस ने पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
उत्तर प्रदेश के उरई में एक झकझोर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता अपने ही बेटे की नशे की लत से इस कदर तंग आ चुका था कि उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रच डाली. एक प्रॉपर्टी डीलर पिता ने अपने बड़े बेटे से हमेशा के लिए छुटकारा पाने के लिए मात्र तीन लाख रुपये में सुपारी किलर्स को उसकी हत्या का ठेका दे दिया. आरोपियों ने चलती कार में गला घोटकर युवक की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर नमक व सर्फ डालकर भिंड के जंगलों में फेंक दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पिता समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
नशामुक्ति केंद्र से भरोसे में लेकर बाहर लाया पिता
मोहल्ला शिवपुरी के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर रशीद अंसारी का बड़ा बेटा शानू उर्फ रईस अंसारी पिछले कई सालों से गंभीर रूप से नशे की गिरफ्त में था. परिवार के तमाम लोग उसकी इस बुरी आदत से बेहद परेशान और त्रस्त आ चुके थे। बेटे की जिंदगी सुधारने के लिए पिता रशीद अंसारी ने उसे कई बार ग्वालियर के एक नशामुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, ताकि किसी तरह उसकी नशे की लत छूट सके. हालांकि, बार-बार कोशिश करने के बावजूद शानू की आदत में कोई सुधार नहीं आया, जिसके बाद पिता ने खौफनाक कदम उठाने की ठान ली.
घर वापस ले जाने की झूठी बात
पुलिस के अनुसार, भिंड देहात कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि बेटे से हमेशा के लिए पीछा छुड़ाने के लिए रशीद ने एक साजिश रची. इसके तहत वह 25 अक्टूबर को ग्वालियर स्थित नशामुक्ति केंद्र अपने बेटे से मिलने पहुंचा. पिता ने शानू को घर वापस ले जाने की झूठी बात कहकर उसे अपने भरोसे में ले लिया. योजना के मुताबिक, रशीद पहले ही मोहम्मद इजराइल (निवासी माहिल तालाब), मुन्ना (निवासी कालपी चुंगी) और गुड्डू (निवासी शिवपुरी) के साथ तीन लाख रुपये में शानू की हत्या का सौदा तय कर चुका था. सुनियोजित साजिश के तहत ये तीनों सुपारी किलर एक किराए की कार लेकर ग्वालियर पहुंचे. उधर, पिता रशीद ने शानू को नशामुक्ति केंद्र से बाहर निकाला और उसे अपने साथ लाने के बजाय उन तीनों बदमाशों के हवाले कर दिया.
चलती कार में रस्सी से घोंटा गला, नमक-सर्फ डालकर फेंका शव
अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से शानू को जबरन गाड़ी में डाला. इसके बाद वे उसे लेकर निकले और चलती हुई कार के अंदर ही रस्सी से उसका गला घोटकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने शानू के शव को एक बड़े बोरे में ठूंसकर भरा. शव जल्दी गल जाए और पहचान न हो सके, इसके लिए उन्होंने बोरे के अंदर भारी मात्रा में नमक और सर्फ डाल दिया. इसके बाद वे शव को लेकर भिंड के मानपुरा गांव के पास सिद्धेश्वर गार्डन के नजदीक एक सुनसान जंगल में फेंककर वापस उरई लौट आए.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब 27 अक्टूबर को स्थानीय ग्रामीणों ने भिंड के जंगल में एक लावारिस बोरा देखा और इसकी सूचना तुरंत भिंड पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार का नंबर हाथ लग गया, जिसने इस पूरे अंधे कत्ल की परतें खोल दीं.
भिंड देहात पुलिस ने तकनीकी सुरागों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुक्रवार की रात उरई में ताबड़तोड़ दबिश दी. स्थानीय कोतवाली पुलिस के सहयोग से पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता पिता रशीद अंसारी और तीनों सुपारी किलर्स को दबोच लिया. उरई कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत उन्हें भिंड ले जाया गया है.
