Punjab Politics: चुनाव से पहले AAP को झटका, टिकट कटने से नाराज दो विधायकों ने दिया इस्तीफा

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को झटका लगा है. टिकट कटने से नाराज विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा और चेतन सिंह जोड़ा माजरा ने इस्तीफा दिया.

Punjab Politics: चुनाव से पहले AAP को झटका, टिकट कटने से नाराज दो विधायकों ने दिया इस्तीफा

पंजाब विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज होते ही राजनीतिक दलों में उथल-पुथल का दौर शुरू हो गया है. चुनाव से ठीक पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को राज्य में एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है, जिसके चलते आप के दो प्रमुख विधायकों ने पार्टी से अपनी राहें जुदा कर ली हैं. 

टिकट न मिलने से थे नाराज

मिली जानकारी के अनुसार, पटियाला जिले के सनौर हलके से विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा और समाना विधानसभा सीट से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ा माजरा ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों ही नेता आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी द्वारा टिकट काटे जाने से बेहद आहत और नाराज चल रहे थे. पार्टी के इस फैसले के बाद से ही दोनों नेताओं के समर्थकों में भी रोष देखा जा रहा था, जो आखिरकार इस्तीफे के रूप में सामने आया. 

शनिवार को जारी हुई थी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची

यह पूरा घटनाक्रम शनिवार को उस समय सामने आया जब आम आदमी पार्टी ने आगामी चुनावों के मद्देनजर अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची आधिकारिक तौर पर जारी की थी. इस पहली लिस्ट में कई नए चेहरों को मौका दिया गया और कई पुराने दिग्गजों के टिकट पर कैंची चलाई गई. इस सूची के आते ही पार्टी के भीतर विरोध के स्वर फूट पड़े और सनौर व समाना सीट के विधायकों ने बगावत का झंडा उठाते हुए पार्टी छोड़ने का बड़ा फैसला ले लिया।

राजनीतिक समीकरणों पर असर

हरमीत सिंह पठान माजरा और चेतन सिंह जोड़ा माजरा दोनों ही माझा और मालवा बेल्ट के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं. पटियाला क्षेत्र में इन दोनों का अपना मजबूत जनाधार है. ऐसे में चुनाव के मुहाने पर खड़े होकर दो मौजूदा विधायकों का पार्टी छोड़ना आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन सकता है। विपक्षी दल इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश में जुट गए हैं, वहीं 'आप' हाईकमान के लिए डैमेज कंट्रोल करना एक बड़ी चुनौती साबित होगा.