Rajasthan: सड़क बना रहे मजदूरों पर टूटा बिजली का कहर, एक झटके में 8 की मौत
सड़क पर काम कर रहे मजदूरों के लिए 11 हजार वोल्ट की लाइन कैसे बनी मौत का जाल? झुंझुनूं में 8 की मौत, 5 गंभीर घायल।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। उदयपुरवाटी के एसएचओ रामपाल के मुताबिक, सड़क निर्माण में बजरी मिलाने के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। तार छूते ही मशीन में करंट फैल गया और उसके आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद छापोली गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।
11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल
इस हादसे ने सड़क निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के इतने करीब मशीन से काम कैसे किया जा रहा था? क्या काम शुरू करने से पहले बिजली की लाइन की ऊंचाई और दूरी की जांच की गई थी? क्या मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे? फिलहाल हादसे की पूरी वजह सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि मशीन बिजली की लाइन के संपर्क में किन परिस्थितियों में आई और इस घटना के पीछे किसी तरह की लापरवाही थी या नहीं।
करंट हादसे पर सीएम भजनलाल की संवेदना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने, प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता देने और घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना भी की।
Falak Abdeen 